चंडीगढ़ में पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष अप्रैल माह में जीएसटी संग्रह में 22 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस वर्ष अप्रैल माह में 249 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह हुआ है। इससे शहर की अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत मिले हैं।
विभाग पेट्रोल और शराब को छोड़कर अन्य सभी सामान पर जीएसटी लेता है। जीएसटी एक्साइज और वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) प्रशासन के राजस्व को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। यूटी प्रशासन हर महीने की पहली तारीख को जीएसटी संग्रह के आंकड़ों को जारी करता है। रविवार को अप्रैल महीने के आंकड़े जारी किए गए। इसके अनुसार अप्रैल 2022 में 249 करोड़ का जीएसटी संग्रह हुआ है जबकि अप्रैल 2021 में 203 करोड़ रुपये एकत्रित हुए थे। पिछले कुछ महीनों से लगातार जीएसटी संग्रह में वृद्धि दर्ज की जा रही है। प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना को लेकर लगभग सभी पाबंदियों को हटा दिया गया, जिसका असर जीएसटी संग्रह पर भी दिखाई दे रहा है।
कोरोना काल में लॉकडाउन के कारण लगातार एक साल तक शहर में जीएसटी संग्रह घटा था। मार्च 2021 में जाकर जीएसटी संग्रह में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद दूसरी लहर में फिर से जीएसटी संग्रह में कमी आई। जुलाई 2021 से जीएसटी संग्रह में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शहर में जीएसटी रिटर्न फाइल कराने को लेकर विभाग की तरफ से सख्ती की जाती है। यही कारण है कि रिटर्न फाइल करने में शहर के लोग भी जागरुकता दिखाते हैं।
चंडीगढ़ में पिछले एक साल में जीएसटी कलेक्शन के आंकड़े
महीना जीएसटी कलेक्शन (करोड़ रुपये)
मार्च 2021 165
अप्रैल 2021 203
मई 2021 130
जून 2021 120
जुलाई 2021 169
अगस्त 2021 144
सितंबर 2021 152
अक्टूबर 2021 158
नवंबर 2021 183
दिसंबर 2021 164
जनवरी 2022 ---
फरवरी 2022 178
मार्च 2022 184
अप्रैल 2022 249