चंडीगढ़ में कोरोना वैक्सीन को दिखाती महिला स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना टीकाकरण अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग को मंगलवार की शाम वैक्सीन की 11 हजार 500 खुराक मिली है। इनमें से पीजीआई को कितनी वैक्सीन दी जानी है, संशय बरकरार है। इस संबंध में निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि 11,500 खुराक आ चुकी हैं लेकिन अब तक केंद्र सरकार से निर्देश नहीं मिला है कि पीजीआई को कितनी वैक्सीन दी जानी है।
निर्देश मिलने के बाद ही डोज पीजीआई को दिया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ पीजीआई के टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र पांडव का कहना है कि सरकार ने पीजीआई को वैक्सीन की 11 हजार खुराक दी है।
वैक्सीन की कमी के कारण नहीं चला अभियान
पीजीआई में वैक्सीन की कमी के कारण मंगलवार को टीकाकरण का दूसरा सत्र नहीं चलाया जा सका था। पहले सत्र के लिए पीजीआई को 300 डोज दी गई थी, जिसमें से आधे से ज्यादा वैक्सीन पहले सत्र में ही लाभार्थियों को लग चुका है। ऐसी स्थिति में वैक्सीन के इंतजार में मंगलवार को टीकाकरण सत्र रद्द करना पड़ा।
वहीं, दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग के पास 5000 हेल्थकेयर वर्कर को दोनों डोज देने के लिए वैक्सीन का स्टॉक रखा है। सरकार की तरफ से पहले खेप में मिली 12 हजार वैक्सीन में से स्वास्थ्य विभाग ने 300 डोज पीजीआई को और उतनी ही फोर्स को दी थी। सरकार के निर्देश अनुसार बाकी की वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग ने अपने अंतर्गत पंजीकृत हेल्थकेयर वर्कर को लगाने के लिए सुरक्षित रखी हुई है।