स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सुमन सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ के सरकारी अस्पतालों में शहर के साथ आस-पास के अन्य प्रदेशों के मरीजों का भी काफी दबाव है। अस्पताल आने वाले सभी मरीजों को बेहतर इलाज देने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन दबाव बढ़ने से विशेषज्ञों की कमी हो रही है।
चंडीगढ़ के अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब पीपीपी मोड अपनाने की तैयारी में है। पीपीपी मोड के पहले चरण में विभाग अस्पतालों में रेडियोलॉजिस्ट और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएगा। ऐसे में जिन जगहों पर इन विशेषज्ञों की कमी है, वहां जल्द ही इनकी तैनाती की जाएगी।
विज्ञापन
अमर उजाला ने ‘एक साल से रेडियोलॉजिस्ट की तलाश जारी, अल्ट्रासाउंड मशीन चादर से ढककर किनारे रखी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर मनीमाजरा और सेक्टर-45 के सिविल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड बंद होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद सेहत विभाग ने अस्पतालों में विशेषज्ञों की कमी को दूर करने के लिए यह फैसला लिया है।
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सुमन सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ के सरकारी अस्पतालों में शहर के साथ आस-पास के अन्य प्रदेशों के मरीजों का भी काफी दबाव है। अस्पताल आने वाले सभी मरीजों को बेहतर इलाज देने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन दबाव बढ़ने से विशेषज्ञों की कमी हो रही है। विशेष रूप से रेडियोलॉजी और एनेस्थीसिया के डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए उन्हें सूचीबद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. सुमन ने बताया कि विभाग पहले से ही एमआरआई, सीटी-स्कैन, आहार सेवा और लॉन्ड्री जैसी सुविधाओं का पीपीपी मोड पर सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है। इसी तरह अब विभाग पीपीपी मोड पर रेडियोलॉजी सेवाएं प्रदान करने पर विचार कर रहा है। इसके लिए एक धर्मार्थ ट्रस्ट रियायती दरों पर ये सेवाएं प्रदान करने के लिए आगे आया है। मौजूदा समय में केवल स्त्री रोग विभाग के लिए एक रेडियोलॉजिस्ट को नियुक्त किया गया है ताकि जेब खर्च को कम किया जा सके।
परिधीय उपग्रह अस्पतालों में रेडियोलॉजी केंद्रों को मरीजों के हित में शीघ्र ही कार्यात्मक बनाया जाएगा। इसी तरह एनेस्थेटिस्ट की एक टीम को सूचीबद्ध किया गया है ताकि सभी प्रमुख स्वास्थ्य सुविधाओं पर 24/7 सर्जिकल देखभाल प्रदान की जा सके। डॉ. सुमन का कहना है कि विभाग शहर के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण देखभाल सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।