चंडीगढ़। प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने स्वतंत्रता दिवस पर सेक्टर-17 परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया। उन्होंने शहरवासियों से चंडीगढ़ को हरा-भरा, स्वच्छ और शांत शहर बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के केंद्र शासित प्रदेशों में चंडीगढ़ सर्वाधिक सोलर ऊर्जा उत्पन्न करने वाला पहला प्रदेश है। अब चंडीगढ़ इलेक्ट्रिक वाहन की तरफ बढ़ रहा है। शहर में चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट की 100 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। आगामी समय में सभी सरकारी दफ्तरों में सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन ही खरीदे जाएंगे। खेलों के क्षेत्र में चंडीगढ़ ने अपनी नीति में सुधार किया है। इसमें बढ़ी हुई पुरस्कार राशि और खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति जैसे प्रावधान किए गए हैं। सरकारी सेवाओं का डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। चंडीगढ़ पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहा है।
इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस की अलग-अलग टीमों ने प्रशासक को सलामी दी। इस दौरान मंच पर चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल, डीसी विनय प्रताप सिंह, मेयर अनूप गुप्ता, कमिश्नर आनिंदिता मित्रा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासक ने जयशंकर प्रसाद की पंक्तियां इस पथ का उद्देश्य नहीं है, श्रान्त भवन में टिक जाना, किन्तु पहुंचना उस सीमा तक, जिसके आगे राह नहीं है... के साथ अपने भाषण का समापन किया। इस मौके पर अपने-अपने क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले शहर के प्रतिष्ठित लोगों को राज्यपाल ने स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।