चंडीगढ़। सेक्टर 39/56 की डिवाइडिंग रोड पर बीते शुक्रवार को तेज रफ्तार आई-20 कार ने एक्टिवा सवार युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवती ने हेलमेट नहीं लगाया था और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हुई। मृतक की पहचान सेक्टर-56 निवासी रीतिका (19) के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी कार चालक की तलाश में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है। हादसा सेक्टर 39/56 की डिवाइडिंग रोड पर हुआ। युवती एक्टिवा पर थी और उसका चचेरा भाई दीपक साथ-साथ बाइक पर चल रहा था। दीपक ने बताया कि रीतिका बीए फर्स्ट ईयर में पढ़ती थी। वह अपनी किताबें लेकर अपने घर सेक्टर-56 जा रही थी। रीतिका स्लिप रोड से जब मुख्य सड़क पर जा रही थी तभी जीरी मंडी की ओर से सेक्टर-39 की ओर आ रही तेज रफ्तार आई 20 कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पीसीआर की गाड़ी मौके पर पहुंची और घायल रीतिका को पीजीआई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि रीतिका ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अज्ञात आई-20 कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पैदल जा रही युवती को बाइक सवार ने मारी टक्कर, पीजीआई में भर्ती
उधर, एक अन्य सड़क हादसे में बाइक की टक्कर से एक युवती घायल हो गई, जिसका इलाज पीजीआई में चल रहा है। मोहाली के सेक्टर-61 निवासी घायल युवती ने बताया कि वह सेेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारे के पास पैदल जा रही थी। इस दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पीजीआई पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने बाइक सवार महेश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि महेश को भी चोटें आईं हैं। हादसा 28 जनवरी को हुआ था। जांच में पीड़िता कोरोना पॉजिटव मिली थी।