प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि वित्त एवं अनुबंध कमेटी के चुनाव में क्रास वोटिंग कर अपने ही उम्मीदवार हीरा नेगी को हरवाने में दो पार्षदों ने साजिश की थी। पार्टी ने उनकी पहचान कर ली है लेकिन भाजपा उन पर सार्वजनिक तौर पर कोई कार्रवाई नहीं करेगी। पार्टी के रिकार्ड में इन पार्षदों का नाम दर्ज हो गया है। समय आने पर इन पार्षदों को महत्वपूर्ण पद नहीं दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जनवरी माह में नगर निगम चुनाव में भाजपा को 21 सीटें मिली थीं। लेकिन चुनाव जीतने के 12 दिन बाद ही भाजपा वित्त एवं अनुबंध कमेटी के चुनाव में अपने उम्मीदवार हीरा नेगी के लिए छह वोट नहीं जुटा पाई। भाजपा में क्रासिंग वोट होने से कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र सिंह बबला छह वोट हासिल करने में कामयाब रहे थे जबकि कांग्रेस के सिर्फ 4 ही पार्षद हैं।
भाजपा में क्रास वोटिंग होने पर पार्टी प्रभारी रामलाल के निर्देश पर भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन ने जांच करवाई थी। पार्टी महासचिव चंद्रशेखर ने जांच की थी। टंडन का कहना है कि पार्टी को पता चल गया है कि कौन से दो पार्षदों ने क्रास वोटिंग की थी। जिसने भी पार्टी के निर्णय के खिलाफ कुछ भी हुआ है उसे नुकसान तो झेलना ही पड़ा है।