नोवा साइकिल के सीएमडी हरमोहिंदर सिंह पाहवा
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के लुधियाना में नोवा साइकिल के सीएमडी हरमोहिंदर सिंह पाहवा का रविवार को हार्ट अटैक से देहांत हो गया। सतलुज क्लब के कॉफी क्लब में वह दोस्तों के साथ बैठे थे। अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। उन्हें तुरंत उपचार के लिए हीरो हार्ट डीएमसी में भर्ती कराया गया है। वहां उनका देहांत हो गया।
पाहवा के एक बेटा और दो बेटियां हैं। एक बेटी लंदन में है, उनके आने पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। साइकिल इंडस्ट्री को आगे ले जाने में हरमोहिंदर सिंह पाहवा ने अहम योगदान दिया था। हरमोहिंदर सिंह पाहवा के मार्गदर्शन में नोवा साइकिल को स्थापित किया गया था।
साइकिल उद्योग में 40 से अधिक वर्षों से काम कर रहे थे। उनकी तीन इकाईयां में नोवा साइकिल इंडस्ट्रीज, एवन साइकिल कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, वीएस ऑटो इंडस्ट्रीज शामिल हैं। हरमोहिंदर सिंह पाहवा साइकिल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने वाली कई कमेटियों में शामिल रहे।