पंजाब के बरनाला में व्लॉगर भाना सिद्धू के पिता, भाई आमना सिद्धू, दो बहनों और लक्खा सिधाना समेत 18 लोगों के खिलाफ थाना धनौला में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक बड़बर टोल प्लाजा पर सरकारी संपत्ति और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला भाना सिद्धू की रिहाई की मांग से जुड़ा है।
तीन फरवरी को बड़बर टोल पर किसान संगठनों समेत अन्य लोगों की पुलिस से टकराव हुआ था। यह संगठन भाना सिद्धू की रिहाई की मांग को लेकर संगरूर स्थित सीएम आवास का घेराव करने जा रहे थे। काका सिद्धू उर्फ भाना सिद्धू को 31 जनवरी को मोहाली की अदालत ने न्यायिक हिरासत में पटियाला जेल भेजा था। 14 फरवरी को भाना सिद्धू को दोबारा मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी के विरोध में सिमरजीत सिंह मान
सीएम भगवंत मान के संगरूर स्थित आवास के सामने रोष प्रदर्शन करने जा रहे भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के करीब 50 किसानों को पुलिस ने महिलां चौक गांव के पास हिरासत लिया था। उधर, शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष और संगरूर के सांसद सिमरजीत सिंह मान को उनके घर फतेहगढ़ साहिब के किला हरनाम सिंह नगर में नजरबंद कर दिया गया था। सिमरजीत सिंह मान भाना सिद्धू की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं।
10 दिन में भाना के खिलाफ तीन मामले
भाना सिद्धू को सबसे पहले लुधियाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में जमानत मिलने के बाद पटियाला पुलिस ने चैन स्नैचिंग के आरोप में उसे गिरफ्तार किया था। रिमांड खत्म होने पर मोहाली पुलिस ने एक नए मामले में भाना को गिरफ्तार कर लिया। 10 दिन में भाना सिद्धू के खिलाफ पंजाब पुलिस ने तीन मामले दर्ज किए हैं। भाना पर मोहाली के एक इमिग्रेशन कंपनी के संचालक को धमकाने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।