बठिंडा शहर सीट से शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी सरूप चंद सिंगला के बेटे दीनव सिंगला समेत सात अज्ञात लोगों पर थाना कैंट पुलिस ने मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। दीनव सिंगला ने कहा कि उस पर राजनीति के तहत पुलिस ने झूठा केस दर्ज किया है। थाना कैंट पुलिस को रविंद्र कुमार निवासी बाबा फरीद नगर ने शिकायत दी कि वह बीबी वाला चौक पर दिन में फलों की रेहड़ी लगाता है।
चुनाव होने के कारण वह रात के समय राजनीतिक दलों के पोस्टर लगाने का काम भी करता है। वह राजनीतिक। वह किसी भी पार्टी का कार्यकर्ता नहीं है, वह सिर्फ मजदूरी करता है। शिकायत में बताया कि बीती 28 जनवरी की रात को कांग्रेस पार्टी के दफ्तर ने पोस्टर लगाने का काम दिया। वह कांग्रेस उम्मीदवार मनप्रीत सिंह बादल के पोस्टर लगाने गली नंबर 15 में परिंदा रोड पर दीवारों पर पोस्टर लगा रहा था।
रात के करीब 10:30 बजे अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उसे रोक लिया और फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इस दौरान मौके पर इनोवा गाड़ी में सवार होकर कुछ युवक आए, जिन्होंने नीचे उतरते ही बिना कारण उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि मारपीट करने वालों में एक युवक सरूप चंद सिंगला का बेटा दिनेश सिंगला भी था। जिसने हाथ मरोड़ कर मुक्के मार जमीन पर गिरा दिया और पीठ पर पैरों से वार किया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
थाना कैंट के एएसआई दविंदर कुमार ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित रविंदर कुमार की शिकायत पर शिअद प्रत्याशी के बेटे दीनव सिंगला समेत सात अज्ञात लोगों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मारपीट का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जिसकी जांच की जा रही है। इस बारे में शिअद प्रत्याशी के बेटे दीनव सिंगला ने कहा कि विरोधियों ने राजनीति के तहत उस पर झूठा केस दर्ज करवाया है। वो किसी से डरने वाले नहीं हैं। बल्कि पूरे जी जान से अपने पिता का प्रचार पहले की तरह जारी रखेंगे।