फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन स्थगित: कैप्टन ने दी बधाई, भाजपा ने संयुक्त किसान मोर्चा के फैसले को बताया सराहनीय

Thu, 09 Dec 2021 09:12 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार हमेशा से ही किसानों के हित में कार्य करती आई है और करती रहेगी। सरकार और पार्टी ने आंदोलन को लेकर बहुत संयम का परिचय दिया है।
विज्ञापन
कैप्टन अमरिंदर सिंह और अश्वनी शर्मा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कृषि कानूनों के खिलाफ एक साल से अधिक समय तक चले आंदोलन की जीत पर किसानों को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि इससे देश के आर्थिक विकास और स्थिरता की रीढ़, कृषि समुदाय के लिए रचनात्मक राजनीतिक माहौल पैदा होगा। वहीं पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि भाजपा हमेशा से ही किसान हितैषी थी और आगे भी रहेगी। उन्होंने संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताने को सराहनीय बताया।

विज्ञापन


कैप्टन ने खुशी जताई कि किसानों की लड़ाई अपने निर्णायक अंत तक पहुंची है और उत्तर प्रदेश व हरियाणा की सरकारों ने सैद्धांतिक तौर पर पंजाब में उनकी पिछली सरकार की तर्ज पर आंदोलन के दौरान अपनी जानें गंवाने वाले किसानों के परिवारों को मुआवजा देने की हामी भरी है। पंजाब में कैप्टन सरकार ने क्रमश: दिसंबर 2020 और जनवरी 2021 में कृषि आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को 5-5 लाख का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का एलान किया था।

वहीं अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार हमेशा से ही किसानों के हित में कार्य करती आई है और करती रहेगी। सरकार और पार्टी ने आंदोलन को लेकर बहुत संयम का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भी कहा था कि ये कानून पवित्र भावना से किसानों की भलाई के लिए लाए गए थे, लेकिन कुछ किसान भाइयों को हम इन कानूनों को समझा नहीं पाए। इसलिए देश-हित में इन कानूनों को वापस लिया जाता है। केंद्र सरकार ने जिस संवेदना व खुले मन के साथ किसानों की अन्य मांगों को स्वीकार किया है, भारतीय जनता पार्टी पंजाब मोदी सरकार का धन्यवाद तथा आभार प्रकट करती है। मोदी सरकार के इस निर्णय से पंजाब में अमन, शांति व भाईचारे को बल मिलेगा। जो देश-विरोधी व समाज विरोधी ताकतें पंजाब की शांति को भंग करना चाहती हैं, उनकी आज हार हुई है। भाजपा हमेशा किसान-हितैषी थी और किसान हितैषी रहेगी।
विज्ञापन


गुरुवार को जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री ने उम्मीद जाहिर की कि एमएसपी का मुद्दा भी जल्द हल हो जाएगा, जिसके लिए केंद्र ने कमेटी गठित की है और इससे किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी उम्मीद जाहिर की कि भविष्य में कृषि समुदाय से संबंधित कानून और फैसले इससे जुड़े लोगों की सलाह के बाद आपसी सहमति के साथ लिए जाएंगे, जो स्वतंत्रता के बाद से भारत की प्रगति में आगे रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से किसानों को पूरा समर्थन देने की बात पर जोर देते हुए कहा कि बीते समय की तरह वह अब भी किसानों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगे।

कृषि कानूनों को लेकर शुरू हुए किसान आंदोलन की समाप्ति पर किसानों को बधाई। किसानों की प्रगति के रास्ते खुलेंगे और एमएसपी के मुद्दे भी शीघ्र हल होंगे और उनका समाधान जल्द किया जाएगा। पंजाब लोक कांग्रेस हमेशा किसानों का समर्थन करती रहेगी। -कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री, पंजाब। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें