पूसू सदस्यों की प्रेस कांफ्रेंस
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (पूसू) ने कहा है कि लेफ्ट व राइट की लड़ाई से हटकर छात्र संघ चुनाव लड़ेंगे। वीरवार को प्रेसवार्ता कर पूसू ने साफ कर दिया कि वह छात्रों के हितों के लिए चुनाव लड़ेंगे। विचारधारा की लड़ाई के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे। केवल छात्रों के हितों को ध्यान में रखा जाएगा और उसी पर काम करेंगे।
एक रेस्टोरेंट में हुए चुनाव में पूसू के पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र संघ चुनाव हर साल होते हैं, लेकिन छात्रों की समस्याओं का हल पिछले वर्षों में नहीं हुआ है। छात्रों से केवल वोट लिए जाते हैं। इस बार छात्र पूरी तरह लेफ्ट व राइट की राजनीति समझ गए हैं। वह पूसू के बैनर तले आ रहे हैं।
इसी कड़ी में दूसरे छात्र संगठनों से आकर दो दर्जन से अधिक छात्रों ने पूसू की सदस्यता ग्रहण की। इसमें गगनदीप, साही जगलान, बलविंदर पाल, गुरपिंदर शर्मा, आशुदेव सिंह, उत्कर्ष गर्ग, दीप सोमल आदि रहे। पदाधिकारियों ने इनका स्वागत किया। इस दौरान सभी नए सदस्यों ने कहा कि वह पूसू के कार्यों के चलते उससे जुड़े हैं।
वहीं पदाधिकारियों ने कहा कि पूसू अकेला ही छात्र संघ चुनाव लड़ेगा। जरूरत पड़ेगी तो गठबंधन के बारे में सोचा जाएगा। इस मौके पर रविंदर सिंह, बिल्ला धालीवाल, कुलदीप, सुखपाल, सत्वेंद्र बराड़, हरदीप सिंह सिद्धू मौजूद रहे।