पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में हॉस्टल की दिक्कत दूर करने के लिए भविष्य में बाहरी एजेंसी से निर्माण करवाने की तैयारी की जा रही है। पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल की मांग पर हॉस्टल की दिक्कतों को लेकर गठित कमेटी की ओर से पेश की गई रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
जानकारी अनुसार पीयू के विभिन्न हॉस्टल वार्डन की कमेटी ने रिपोर्ट में कईं सुझाव दिए हैं। जानकारी अनुसार जल्द ही एक्सईएन अधिकारी सभी हॉस्टल का दौरा कर वहां की खामियों की रिपोर्ट सभी हॉस्टल वार्डन को सौंपेंगे।
हॉस्टल के टॉयलेट और अन्य दिक्कतों को दूर करने के लिए हर हफ्ते वीरवार और शुक्रवार को एक्सईएन ऑफिस के कर्मचारी हॉस्टल का दौरा करेंगे। पीयू हॉस्टलर अब एक्सईएन से भी सीधे मोबाइल नंबर पर कभी भी संपर्क कर सकेंगे। यह मोबाइल नंबर सभी हॉस्टल के नोटिस बोर्ड पर जारी किया जाएगा।
पीयू स्टूडेंट काउंसिल प्रधान निशांत कौशल ने कहा कि हॉस्टल की दिक्कतों को लेकर गठित टीम ने कईं अच्छे सुझाव दिए हैं। कौशल के अनुसार पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल और फीस कमेटी की होने वाली मीटिंग फिलहाल स्थगित कर दी गई है। अगली मीटिंग 12 जनवरी के बाद ही होने की उम्मीद है।