‘एक बस-एक परमिट’ नीति को पूरी गंभीरता से लागू करने का एलान करते हुए बुधवार को पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि बस माफिया की कमर तोड़ने के लिए सभी बस परमिट जल्द ही ऑनलाइन किए जाएंगे। पंजाब भवन में राज्य के सभी बस डिपुओं के जनरल मैनेजरों के साथ बैठक के दौरान भुल्लर ने कहा कि परिवहन विभाग के काम में और अधिक पारदर्शिता लाने की जरूरत के मद्देनजर यह निर्णय लिया जा रहा है।
मंत्री ने प्रमुख सचिव (परिवहन) के सिवा प्रसाद को निर्देश दिया कि वह जल्द से जल्द परमिट ऑनलाइन करने की प्रक्रिया को पूरा करें। बस अड्डों के बाहर अवैध निजी बसों पर शिकंजा कसने की हिदायत देते हुए परिवहन मंत्री ने सभी डिपुओं के जनरल मैनेजरों से कहा कि विभाग द्वारा पहले ही उन्हें बस अड्डों के 500 मीटर क्षेत्र में अवैध बसों को रोकने के अधिकार दिए गए हैं, इसलिए जनरल मैनेजर अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए बस अड्डों के बाहर से सवारियां चढ़ाने वाली निजी व ट्रैवल बसों को पकड़ने की कार्रवाई करें।
इस कार्य को पूरा करने के लिए जनरल मैनेजरों को सचिव आरटीए का सहयोग लेने की भी हिदायत दी गई। परिवहन मंत्री भुल्लर ने कहा कि बसों से तेल चोरी की खबरें मिल रही हैं, इसलिए जनरल मैनेजर यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बस से कम से कम 4.8 किलोमीटर प्रति लीटर की माइलेज मिले। उन्होंने जनरल मैनेजरों को हिदायत दी कि निर्धारित लक्ष्य से कम माइलेज देने वाले चालकों से रिकवरी करने के लिए कार्रवाई अमल में लाई जाए।