पंजाब पुलिस अपने अफसरों की सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी में है। सड़क पर आवाजाही के दौरान उन्हें कोई गैंगस्टर या आतंकी निशाना न बना पाएं, इस पर फोकस किया जा रहा है। इस कड़ी में अब कुछ अफसरों के वाहनों को बुलेटप्रूफ बनाकर उन्हें सुरक्षा कवच दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर पुलिस ने काम शुरू कर दिया है। कुछ समय पहले पकड़े गए आतंकियों और गैंगस्टरों ने पूछताछ में खुलासा किया था कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उनके निशाने पर थे। इसके बाद सरकार ने यह फैसला लिया है।
पिछले डेढ़ साल में पंजाब पुलिस गैंगस्टरों और आतंकियों को लेकर सख्त हो गई। लगातार ऑपरेशन चलाकर देश ही नहीं विदेश तक इनकी कमर तोड़ी जा रही है। ऐसे में अब ये अपराधी पुलिस के ही मनोबल को तोड़ने में लगे हैं। गत वर्ष उन्होंने मोहाली स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय और फिर तरनतारन के सरहाली थाने में आरपीजी अटैक कर दशहत फैलाई थी।
हालांकि इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ था लेकिन इसके बाद से पुलिस से जुड़े संस्थानों की सुरक्षा को बढ़ाने का फैसला लिया गया था। इसी बीच कुछ समय पहले पकड़े गए आतंकियों व गैंगस्टरों से पूछताछ में सामने आया है कि उनके निशाने पर पंजाब पुलिस के कुछ अधिकारी हैं। इसके बाद अधिकारियों की सुरक्षा को पुख्ता करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही इस प्रक्रिया को पुलिस पूरा करेगी। इससे पहले पुलिस ने फ्रंट लाइन में तैनात पुलिस मुलाजिमों, अधिकारियों को एके-56 और बुलेटप्रूफ जैकेट मुहैया करवाई थी ताकि उन पर कोई हमला न कर सके। इससे पहले सभी थानों और पुलिस संस्थानों की चाहरदीवारी को भी ऊंचा किया जा चुका है।