कांग्रेस विधायक वरुण चौधरी ने सरकार को स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समिति का गठन न करने पर घेरा। वरुण बोले कि आजादी के अमृत महोत्सव पर सरकार आजादी दिलाने वालों को ही भूल गई है। आजाद हिंद फौज के 250 सेनानियों को प्रशासन ढूंढ ही नहीं पाया। एससी वर्गों के लिए विभिन्न मदों में आवंटित राशि में से एक रुपये भी खर्च नहीं हुआ। सरकार 60-70 की उम्र में नंबरदारों को क्या बार्डर पर भेजने वाली है, जो उनकी स्वास्थ्य जांच करा रही। सरकार पुरानी पेंशन योजना को बहाल करे।
निर्दलीय विधायक धर्मपाल गोंदर ने भी एससी वर्ग की अनदेखी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बजट में एससी के लिए कोई नई योजना नहीं है, न ही विशेष रूप से कोई बजट आवंटित किया है। इससे समुदाय में निराशा है। उन्हें बजट से काफी उम्मीदें थी।
फसल बीमा योजना पर हुआ हंगामा
कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने सदन में पीएम फसल बीमा योजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने असंसदीय शब्द का इस्तेमाल योजना को लेकर किया। जिस पर कृषि मंत्री जेप दलाल भड़क गए। डिप्टी स्पीकर ने उनके कहे शब्द को कार्यवाही से निकलवा दिया। दलाल भी पूर्व कांग्रेस सरकार को लेकर कुछ असंसदीय शब्द बोले गए, जिस पर भूपेंद्र हुड्डा ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान भाजपा व कांग्रेस विधायकों में तीखी बहस व छींटाकशी हुई। हुड्डा ने कहा कि आप मंत्री हैं, शिष्टाचार सीखें।