किसानों की 100 एकड़ फसल काटी
भगवंत मान के शपथग्रहण समारोह के लिए किसानों की 100 एकड़ फसल काटी गई। हालांकि इसके बदले में किसानों को मुआवजा भी दिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि पार्किंग के लिए जगह की जरूरत थी, इसलिए फसल काटनी पड़ी। मुआवजे को लेकर किसानों में कोई नाराजगी नहीं है।
16 मार्च को शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में भगवंत मान मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। एसडीएम बंगा नवनीत कौर ने बताया कि इस आयोजन में हजारों लोग पहुंचेंगे। समारोह में पहुंचने वाली गाड़ियों को खड़ी करने के लिए उपयुक्त जगह की जरूरत थी। इसलिए अलग-अलग पार्किंग बनाई जा रही है। पहले 40 एकड़ जगह खाली करवाई गई थी लेकिन बाद में 60 एकड़ में गेहूं व अन्य फसल को और काटना पड़ा।
उन्होंने बताया कि पार्किंग के अलावा आयोजनस्थल के आसपास वाली जमीन पर भीड़ बढ़ने पर लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों को प्रति एकड़ करीब 46 हजार का मुआवजा दिया जा रहा है। काटी गई फसल को पशुचारे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इस बारे में किसान सुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें उचित मुआवजा मिला है। क्योंकि फसल भी इतनी ही रकम की निकलती। ऐसे में हमें कोई आपत्ति नहीं है।