मंगलवार को बीएसएफ ने पंजाब के गुरदासपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक पाकिस्तानी युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पाकिस्तानी मुद्रा भी मिली है। बीएसएफ व खुफिया एजेंसियां पूछताछ में जुटी हैं।
सीमा सुरक्षा बल के जवानों (बीएसएफ) ने गुरदासपुर सेक्टर के अंतर्गत बीओपी लसियान के पास मंगलवार सुबह अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे एक पाकिस्तानी युवक को पकड़ा है। बीएसएफ की 58वीं बटालियन ने यह सफलता हासिल की।
इस बारे में बीएसएफ गुरदासपुर सेक्टर के डीआईजी प्रभाकर जोशी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे बीएसएफ की 58वीं बटालियन के बीओपी लसियान टावर नंबर 14/12 नेहरू के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे एक पाकिस्तानी युवक को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ और खुफिया एजेंसियां युवक से पूछताछ कर रही हैं। युवक से पाकिस्तान की मुद्रा भी बरामद हुई है।