चंडीगढ़। सेक्टर-15 में घर के बाहर सैर कर रही एक महिला को बाइक सवार युवक-युवती ने आंटी कहकर बुलाया और फिर सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला भगवती ने बताया कि वह सेक्टर-15 में परिवार समेत रहती हैं। बुधवार देर शाम घर के बाहर सैर कर रही थी। इसी बीच उनके पास से एक बाइक गुजरी। बाइक पर सवार युवती ने उन्हें आंटी कहकर रोक लिया और कुछ पूछने के बहाने उनके नजदीक आ गई। युवती उनके गले से सोने की चेन झपटकर साथी युवक के साथ बाइक पर फरार हो गई। महिला ने शोर मचाया तो पड़ोसी जमा हो गए।
पुलिस ने अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। बता दें कि इससे पहले शहर के अलग-अलग हिस्सों में युवक-युवती झपटमारी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।