फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कसे सरकार-संगठन के पेच, रखा ढाई साल का रोडमैप

Sat, 03 Sep 2022 10:17 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने हरियाणा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक की अध्यक्षता की। 
विज्ञापन
चंडीगढ़ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करते कार्यकर्ता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दो दिवसीय हरियाणा प्रवास के दौरान सरकार और संगठन के पेच कसे। भाजपा-जजपा नेताओं को एकजुटता की घुट्टी पिलाई और अगले ढाई साल काम करने का रोडमैप रख गए। मंत्रियों, नेताओें, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हर व्यक्ति तक पहुंचने की नसीहत दी। इससे पहले उन्होंने पंचकुला में माता मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

विज्ञापन

       
नड्डा ने अलग-अलग बैठकों में पंचायत चुनाव के साथ ही आदमपुर उपचुनाव, 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए जीत का मंत्र दिया। साथ ही कह गए कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम लागू करने के लिए मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री को शामिल करते हुए दो समन्वय समितियां बनाएं। मंत्रियों को अगले ढाई साल की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश मिले हैं। संगठन के साथ समन्वय कर यह बताना होगा कि कौन सा विभाग जनता के लिए क्या कर रहा है। भाजपा-जजपा के समन्वय और कामकाज से राष्ट्रीय अध्यक्ष संतुष्ट दिखे, उन्होंने भाजपा संगठन को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कहा।

नड्डा ने कहा कि बूथ पालक, पन्ना प्रमुख चुनावों के समय नहीं, 365 दिन काम करें। आंगनबाड़ी स्तर तक संपर्क बनाएं। लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ कितना मिल रहा है, विभागों से सूची लेकर हर घर तक पहुंचें और जमीनी हकीकत देखकर संगठन प्रमुख को जानकारी दें। पदाधिकारियों की जिम्मेदारी पद के हिसाब से तय की जाए और उन्हें फील्ड में योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए भेजें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नड्डा के साथ बैठक में अपने-अपने मंत्रियों के विभागों का रिपोर्ट कार्ड रखा। नड्डा ने खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह को कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों में पार्टी की पैठ और बढ़ाएं।

विज्ञापन

मंत्रियों को जनता की अपेक्षा पर खरा उतरना होगा

नड्डा ने मंत्रियों से ढाई साल के कामकाज का लेखाजोखा लिया और भविष्य के लिए उनकी प्राथमिकताएं जानी। बातचीत के बाद नड्डा ने कहा कि मंत्रियों को जनता की अपेक्षा पर खरा उतरना होगा। विभाग अनुसार आगामी योजनाएं तैयार कर धरातल पर लागू करें। विधायकों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया जाए।

जटिल विषयों को सीएम-डिप्टी सीएम सुलझाएं : नड्डा

हरियाणा प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने निर्देश दिए कि जटिल विषयों को सीएम-डिप्टी सीएम मिलकर सुलझाएं। दोनों का तालमेल अब तक बेहतर रहा है। न्यूनतम साझा कार्यक्रम को लागू करने के लिए दोनों की अध्यक्षता में अलग-अलग समन्वय समितियां बनाकर अगले महीने से काम शुरू कर दें। समितियों में भाजपा-जजपा प्रदेशाध्यक्ष सहित कुल चार-चार सदस्य हों। ये समितियां कार्यक्रम को लागू करने और सरकार को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने का काम करेंगी। हर महीने इनकी बैठक होगी।
विज्ञापन

सरकार-संगठन स्तर पर और अच्छा काम करेंगे : तावड़े

भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के प्रवास के बाद सरकार और संगठन स्तर पर और अच्छा काम होगा। बैठकों में अनेक सुझाव मिले हैं। ढाई साल कोरोना में निकलने के बावजूद सरकार ने बेहतर काम किया है, ये नड्डा जी भी मानते हैं। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं की सक्रियता को उन्होंने जाना है। इस प्रवास के बाद सरकार और संगठन की कार्यप्रणाली में अनेक बदलाव देखने को मिलेंगे। प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने कहा कि गठबंधन और सिंबल के तहत चुनाव लड़ने का फैसला पंचायत चुनावों की घोषणा के बाद करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास से संगठन और सरकार को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने आगामी चुनावों में पार्टी की जीत के लिए अनेक टिप्स दिए हैं।

गठबंधन मजबूत, विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा : दिग्विजय

जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि नड्डा के साथ बैठक में गठबंधन के आपसी तालमेल, सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की राजनीति को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक के प्रदेश की जनता के लिए बेहतर नतीजे आएंगे। हिमाचल में होने वाले चुनाव में जेजेपी की भूमिका पर भी चर्चा हुई। प्रदेश में गठबंधन मजबूत है और विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। जजपा के घोषणा पत्र में शामिल बहुत से कार्य हुए हैं, जल्द रिपोर्ट कार्ड तैयार कर जनता के समक्ष रखेंगे। बुढ़ापा पेंशन पर आय की शर्त पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की कांग्रेस सरकार में लगाई गई थी, उस समय 32 विधायक वाली इनेलो ने विधानसभा में एक बार भी आवाज नहीं उठाई। हमारा प्रयास है कि आय की शर्त को पांच लाख रुपये तक लेकर जाएं। 

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें