भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दूसरी सूची में टिकट वितरण को कांग्रेस ने कमजोर उम्मीदवारों के जरिए इनेलो की मदद बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा है कि भाजपा ने साबित कर दिया है कि हरियाणा की भलाई से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि दूसरे दलों से निकाले और भाग कर आए अवसरवादियों और कई स्थानों पर इनेलो की मदद के लिए जानबूझकर कमजोर उम्मीदवारों को टिकट देकर भाजपा ने सत्ता के लालच का अपना एजेंडा साफ कर दिया है। इस दल और उसके उम्मीदवारों का एजेंडा साफ हो चुका है कि किस तरह हरियाणा के लोगों को बहकाया जा सके।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों का गठन वैचारिक आधार पर होता है, लेकिन हरियाणा में भाजपा की एक ही विचारधारा है कि किस तरह हरियाणा के हितों से खिलवाड़ किया जा सके।
लोगों को अपने सांप्रदायिक एजेंडे से बहकाने की साजिश करने वाली भाजपा की असलियत हरियाणा में उजागर हो चुकी है।
डॉ. अशोक तंवर ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले उन नेताओं पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि जो चुनाव से पहले समर्थकों को टिकट दिलवाने की बात करते थे, लेकिन टिकटों में अधिकतर भगोड़े नेताओं को भाजपा ने दरकिनार कर दिया।