अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में होनहारों को सम्मानित करके मुख्यमंत्री खट्टर इतने गद्गद हुए कि उन्होंने कई घोषणाएं कर डालीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में शिक्षा के अलावा खेलों और कौशल विकास के क्षेत्र में जौहर दिखाने का जज्बा है। सरकार युवाओं को इन क्षेत्रों में बुलंदियों पर ले जाने के लिए प्रयासरत है।
विज्ञापन
खेलों में हरियाणा के युवाओं ने अहम उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन विश्व स्तर पर अभी बहुत कुछ हासिल करने की जरूरत है। रियो ओलंपिक में हरियाणा के 21 खिलाड़ी वतन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक गांव में योग और व्यायामशालाएं बनाई जाएंगी। इनमें कोच और योग शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
पहले चरण में इन्हें एक हजार गांवों में खोला जाएगा। प्रत्येक ब्लाक और जिला मुख्यालयों में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की कुल आबादी का दो प्रतिशत और क्षेत्रफल का डेढ़ प्रतिशत होने के बावजूद देश की सेना में 10 फीसदी हरियाणा का योगदान है, जो प्रदेश के लोगों के लिए गौरव की बात है।
विज्ञापन
हरियाणा कौशल विकास मिशन देगा नई दिशा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा के युवाओं के हुनर को तराश कर उन्हें रोजगार देने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी सरकार ने हरियाणा कौशल विकास मिशन के तहत अगले दो वर्षों में 1.15 लाख युवाओं को स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) का प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा। इस क्रम में 89 नए आईटीआई और कौशल विकास केंद्र खोले जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के उद्योगों में युवाओं के कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध करवाया जा सके।
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हो उत्साहित हुए बच्चे
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को प्रदेश के सैकड़ों प्रतिभावान बच्चों में खुशियां बांटी। इन छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के बाद मुख्यमंत्री ने उनके साथ जमकर फोटो और सेल्फी खिंचवाई। मौका था ‘अमर उजाला’ की ओर से पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह का। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने के बाद विद्यार्थी गौरवान्वित महसूस कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने ‘अमर उजाला’ के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से हरियाणा के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलेगा, जो उनके भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। सरकारी स्कूलों के लिए निजी संस्थानों के इस तरह के योगदान से विद्यार्थियों को एक नई दिशा मिलेगी। समारोह में इस साल 10वीं और 12वीं की परीक्षा में हरियाणा के दस-दस टापर स्टूडेंट्स के अलावा प्रत्येक जिलों के शीर्ष तीन स्थानों पर रहने वाले ढाई सौ विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
छात्र-छात्राओं के उत्साह से गदगद मुख्यमंत्री ने कहा कि आप ही देश का भविष्य हो। आप में से ही कल कोई प्रशासनिक अधिकारी, सैन्य अफसर, वकील, डॉक्टर, इंजीनियर बनकर देश का भविष्य तय करेगा। हो सकता है कोई आपमें से नेता भी बने, लेकिन आपका लक्ष्य एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देशसेवा करना होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षा मूल आधार है। सरकारी स्कूलों में सार्थक स्कूल, आरोही स्कूल और मॉडल स्कूल की व्यवस्था की गई है, ताकि युवाओं को बेहतर शिक्षा का माहौल मुहैया करवाया जा सके। इससे विद्यार्थियों को अपने विकल्प के अनुरूप शिक्षा का चयन करने का मौका मिलेगा।
इस मौके पर ‘अमर उजाला’ के कार्यकारी संपादक आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि उनका संस्थान हमेशा से ही हरियाणा का हितैषी रहा है। अमर उजाला प्रबंधन ने विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। साथ ही प्रदेश के खिलाड़ियों को बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए भी संस्थान लगातार खेलों में योगदान कर रहा है।
खेलों में हरियाणा की तीन बेटियों और एक बेटे को अमर उजाला ने प्रायोजित किया है। इसके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ मिलकर मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। समारोह में एसआरएम यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर एस राजाराजन और गुरकृपा कैरियर के राजेश कुलहैरी ने मुख्यमंत्री को विशेष तौक पर सम्मानित किया।
हरियाणा के राज्यमंत्री ज्ञानचंद गुप्ता, कालका की विधायक लतिका शर्मा, अमर उजाला चंडीगढ़ के संपादक संजय अभिज्ञान, रोहतक के संपादक वीरेंद्र आर्या, शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्या, ओएसडी राजकुमार भारद्वाज, अंबाला पंचकूला पुलिस आयुक्त आरसी मिश्रा, पंचकूला की उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल, पुलिस उपायुक्त अनिल धवन, अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा भी मौजूद रहे।