विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर पंजाब कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी ने बहुत बड़ा बयान दिया है। आशा कुमारी का कहना है कि सूबे में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो निश्चित तौर पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ही सीएम होंगे। पार्टी कैप्टन के नाम ही प्रदेश में चुनाव लड़ रही है और इसकी औपचारिक घोषणा एआईसीसी की प्रधान सोनिया गांधी ही करेंगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी आशा कुमारी व कैंपेन कमेटी की चेयरपर्सन अंबिका सोनी ने जालंधर में कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी में पत्रकारवार्ता में कही।
आशा कुमारी, अंबिका सोनी, कैप्टन अमरिंदर सिंह शनिवार को अजनाला में रैली में जाते वक्त जालंधर में पत्रकार वार्ता के लिए रुके थे। कैप्टन ने कहा कि विधायक त्रिलोचन सिंह सूंड की जात के प्रति अपशब्द विरसा सिंह वल्टोहा ने कहे वह निंदनीय हैं। शिअद के तमाम दलित विधायक व स्पीकर चुप्पी साधे हुए हैं। वल्टोहा एक अपराधी हैं और वह सात लोगों के कत्ल के आरोप में जेल जा चुके हैं। ऐसे लोग क्राइम करने के आदी हैं। इसलिए उसको तत्काल गिरफ्तार किया जाए। यह हमला अकेले सूंड पर नहीं बल्कि पूरी बिरादरी पर है।