हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विधानसभा सत्र में अग्निपथ योजना, बेरोजगारी, जर्जर कानून-व्यवस्था, अवैध खनन, बढ़ते भ्रष्टाचार, नशा, रोहतक लघु सचिवालय के विस्थापन और प्रदेशभर में जलभराव समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस विधायक गठबंधन सरकार से जवाब मांगेंगे। इन मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर पार्टी विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव दिया है। चंडीगढ़ आवास पर पार्टी विधायकों की बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र पर विस्तार से चर्चा हुई।
सरकार आने पर देंगे कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ: हुड्डा
बैठक के बाद हुड्डा ने दोहराया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर बुजुर्गों को 6000 रुपये महीना पेंशन दी जाएगी। परिवार पहचान पत्र या आय का बहाना बनाकर जिन बुजुर्गों की पेंशन सरकार ने काटी है, उनकी पेंशन को बहाल किया जाएगा। हुड्डा ने स्पष्ट किया है कि उनकी सरकार में पहले की तरह स्वघोषित (सेल्फ डिक्लेरेशन) आय के आधार पर पेंशन दी जाएगी। साथ ही उन्होंने एलान किया है कि कांग्रेस सरकार बनने पर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ दिया जाएगा।
महंगाई के खिलाफ पांच अगस्त को कांग्रेस का प्रदर्शन
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता के सामने समस्याओं का अंबार है। विधानसभा में जनता के तमाम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के लिए कम से कम 15 दिनों का सत्र बुलाया जाना चाहिए लेकिन इस सरकार का रवैया हमेशा जवाबदेही से पल्ला झाड़ने वाला रहा है। मुद्दों को हाथ लगाकर भागना सरकार की आदत बन चुकी है लेकिन कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी। इसी कड़ी में पांच अगस्त को सभी जिलों और राजधानी चंडीगढ़ में कांग्रेस महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी।