पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की धमाकेदार जीत के बाद सीएम मनोनीत भगवंत मान के बारे में देशभर के लोग जानना चाहते हैं। यही वजह है कि उन्हें गूगल पर सबसे ज्यादा तलाशा जा रहा है। गूगल ट्रेंड के आंकड़ों के मुताबिक, गूगल पर पिछले एक हफ्ते में भगवंत मान को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी ज्यादा ढूंढा गया है। लोग भगवंत मान से जुड़े कई सवाल गूगल से पूछ रहे हैं। इनमें उनके परिवार से लेकर पंजाब के नए मुख्यमंत्री बनने तक के सवाल शामिल हैं।
गूगल ट्रेंड के आंकड़ों के अनुसार, भगवंत मान को सर्च करने वालों की संख्या दस मार्च को दोपहर डेढ़ बजे के करीब पीक पर थी। उस दौरान भगवंत मान के मुकाबले अरविंद केजरीवाल को सिर्फ 16 फीसदी लोग ही सर्च कर रहे थे। कुल सर्च के प्रतिशत के अनुसार, पंजाब में भगवंत को 90 फीसदी तो केजरीवाल को 10 फीसदी, चंडीगढ़ में मान को 88 फीसदी तो केजरीवाल को 12 फीसदी, दिल्ली में भगवंत मान को 76, हरियाणा में 85, हिमाचल प्रदेश में 84 और गुजरात में 82 फीसदी लोग ढूंढ रहे थे। आंकड़े बताते हैं कि भगवंत मान को सिर्फ पंजाब में ही नहीं, देश के कई राज्यों और विदेश में भी सर्च किया जा रहा था। नतीजे आने के करीब चार दिन बाद भी भगवंत मान को केजरीवाल से ज्यादा लोग इंटरनेट पर खोज रहे हैं।
गूगल पर भगवंत मान को सबसे ज्यादा पंजाब में सर्च किया जा रहा है। इसके अलावा चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, गोवा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, मेघालय, सिक्किम, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, नागालैंड, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, झारखंड समेत अन्य राज्यों में गूगल पर मान के बारे में जानकारी सर्च की जा रही है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पिछले सात दिनों में भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल, कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू से भी कम गूगल पर तलाशे गए। चुनाव के नतीजे आने के बाद लोगों ने भगवंत मान के बाद सबसे ज्यादा नवजोत सिंह सिद्धू को गूगल पर खोजा। लोग सिद्धू जानना चाहते थे कि सिद्धू चुनाव जीते या हार गए। ये सर्च के आंकड़े केजरीवाल से भी ज्यादा रहे। कैप्टन अमरिंदर सिंह का रिजल्ट भी जानने के लिए लोग उत्सुक दिखे लेकिन इन सभी नेताओं में सबसे कम चन्नी सर्च किए गए।