श्री मुक्तसर साहिब में वकील टॉर्चर मामले के बाद गुरुवार को नए अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। आईजी क्राइम व बीओआई चंडीगढ़ गुरशरन सिंह को फरीदकोट रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है। वह अजय मलूजा का स्थान लेंगे। एआईजी (कार्मिक) की जिम्मेदारी संभाल रहे 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी भागीरथ सिंह को श्री मुक्तसर साहिब के एसएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वह हरमनबीर सिंह गिल की जगह लेंगे। गिल को अभी तक नई जगह पर नियुक्ति नहीं दी गई है। वह डीजीपी को रिपोर्ट करेंगे। मुक्तसर के रहने वाले वकील और उनके साथी को पुलिस ने नशे के एक मामले में हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान दोनों के साथ मारपीट व अमानवीय व्यवहार किया गया। इसके बाद वकील ने एक अन्य वकील के माध्यम से स्थानीय अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया गया था कि सीआईए स्टाफ के प्रभारी रमन कुमार कंबोज ने उन्हें और उनके साथी को मुक्तसर पुलिस स्टेशन लाकर दोनों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। उन्हें धमकी भी दी गई कि अगर उन्होंने बाहर जाकर किसी से यह बात कही तो उनका वीडियो लीक कर वायरल कर देंगे।
उन्होंने इस मामले की शिकायत सीजीएम की अदालत में की तो अदालत ने 22 सितंबर को पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। इस मामले में एसपी और इंस्पेक्टर के अलावा सीनियर कांस्टेबल हरबंस सिंह, सीनियर कांस्टेबल भूपिंदर सिंह, कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह व दारा सिंह के नाम केस में दर्ज हैं। यह सभी सीआईए स्टाफ में तैनात थे। इससे पहले सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर रमन कुमार कंबोज व सीनियर कांस्टेबल हरबंस सिंह को सस्पेंड कर दिया है।