चंडीगढ़ में बॉलीवुड सिंगर केके की लाइव परफॉर्मेंस
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के टैगोर थियेटर में बॉलीवुड सिंगर केके ने अपनी शानदार लाइव परफॉर्मेंस से श्रोतओं को मदहोश कर दिया। हम रहें या न रहें कल, कल याद आएंगे ये पल, पल ये हैं प्यार के पल, चल आ मेरे संग चल...। जैसे ही बॉलीवुड सिंगर केके ने यह गीत गाना शुरू किया वैसे ही लोग उनकी मदहोश आवाज में खो गए। सिटी ब्यूटीफुल के लोग शुक्रवार को रुहानी और कशिशदार आवाज के लिए चर्चित बॉलीवुड सिंगर केके की लाइव परफार्मेंस के गवाह बने।
केके ने भी अपने हिट और यादगार गीतों से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। मौका था भारतीय स्टेट बैंक के 61वें बैंक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का। टैगोर थिएटर में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब-हरियाणा के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस मौके पर आरबीआई के रीजनल डायरेक्टर निर्मल चंद, पीजीआईएमईआर के निदेशक योगेश चावला, एसबीआई के सीजीएम अनिल किशोर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम शुभारंभ के बाद बॉलीवुड सिंगर केके ने एक के बाद एक बॉलीवुड के हिट ट्रैक गाए।
उन्होंने वो लम्हे फिल्म से ‘क्यूं आजकल नींद कम ख्वाब ज्यादा हैं’ से अपनी परफार्मेंस की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने गैंगस्टर फिल्म का ‘तू ही मेरी शब है सुबह है, तड़प-तड़प के इस दिल से आह निकलती रही, सजदे में यूं ही रहता हूं आदि फिल्मी गीत गाए। इस दौरान केके ने अपने चर्चित एल्बम के गीत ‘यारों दोस्ती बड़ी हंसी चीज है’ गीत गाकर लोगों को अपने जिंदगी के पुराने पलों में ले गए और अपने खास दोस्तों की याद दिलाई। इसके अलावा भी केके ने कई हिट नंबर पेश किए।
स्टाफ को दिलाई शपथ
एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक अनिल किशोर ने बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय में स्टाफ सदस्यों को शपथ दिलाई। इसमें सदाचार एवं ग्राहक सेवा के मानकों को श्रेष्ठ बनाने की प्रक्रिया जारी रखने पर जोर दिया गया। इसके अलावा मुख्य महाप्रबंधक ने वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल के विभिन्न स्थानों पर 101 ग्राहक सेवा केंद्रों का भी उद्घाटन किया।