प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 500 और 1000 के नोट बंद करने की घोषणा के साथ ही शहर में लोगों में हलचल सी मच गई। मोदी की स्पीच टीवी चैनलों पर दिखाए जाने के बाद आम से लेकर खास तक सभी बैंकों के एटीएम की ओर रुख करने लगे। बैंकों के एटीएम और पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। शहर का शायद ही ऐसा कोई एटीएम, कैश डिपोजिट मशीन और पेट्रोल पंप होगा, जहां खचाखच भीड़ न हो। देर रात तक यह सिलसिला चलता रहा।
चंडीगढ़ निवासी महेंद्र शर्मा ने बताया कि जैसे ही उन्होंने मोदी जी की घोषणा के बारे में टीवी पर देखा तो उन्होंने घर पर मौजूद 500 और 1000 के नोट एकत्र किए और पेट्रोल भरवाने आ गए। वहीं उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को एटीएम से 100 के नोट निकालने के लिए भेज दिया।
पेट्रोल पंपों पर लगी रही लंबी लाइन
मोदी की घोषणा से शहरवासियों की उड़ी नींद
मोहाली से चंडीगढ़ रिश्तेदार के यहां डिनर पर आए राहुल भारद्वाज के अनुसार जैसे ही उन्होंने घोषणा सुनी वो डिनर छोड़ पहले एटीएम गए और वहां से 100-100 के नोट निकाले। इसके बाद 500 और 1000 के नोट पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए निकाल लिए।
सेक्टर-42 निवासी मितिन मेहता के अनुसार वह खुद बैंक में काम करते हैं, लेकिन जैसे ही नोट बंद होने की सूचना व्हाट्सअप और टीवी के जरिए मिली तो वह भी एटीएम से पैसे निकालने पहुंच गए। साथ ही 500 और 1000 के नोट दुकानदार को देकर उनसे 100-100 के नोट ले लिए।
बैंक अधिकारी भी सकते में
ATM के बाहर लगी भारी भीड़
बैंक अधिकारी भी सकते में
500 और 1000 के नोट बंद होने की सूचना पर सरकारी और निजी बैंकों के अधिकारी भी सकते में आ गए। शाम तक उन्हें शायद ही ऐसा अंदाजा रहा होगा। कोई भी अधिकारी किसी तरह का बयान देने को तैयार नहीं था। उनका कहना था कि उन्हें भी अन्य लोगों की तरह मोदी जी के लाइव टेलिकास्ट के बाद ही इसके बारे में पता चला। फिलहाल वह इस बारे में कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। उनके अनुसार इस बारे में सुबह तक ही स्थिति साफ हो सकेगी।
कालाधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ नरेंद्र मोदी का यह दूसरा सर्जिकल स्ट्राइक है। उनके इस प्रयास से आज ईमानदार लोगों का सीना 56 इंच चौड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री इसके लिए बधाई के पात्र हैं।
- संजय टंडन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
कालाधन के खिलाफ सार्थक लड़ाई हो। छोटे व्यापारियों, आम जनता को इससे परेशानी होगी। 2000 के नोट जारी कर काला धन धारकों को ही फायदा होगा। विदेशों से काला धन लाने का वायदा फ्लॉप होने के बाद सरकार के इस फैसले से आम जनता में अफरा-तफरी का माहौल होगा।
- प्रदीप छाबड़ा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
देर रात तक एटीएम, कैश डिपाजिट मशीनों पर भारी भीड़
ATM के बाहर लगी भारी भीड़
सरकार के इस फैसले से देश की वित्त स्थिति पर अब बेहतर तरीके से निगरानी रखी जा सकेगी। देश से काला धन को खत्म करने के लिए यह अच्छा कदम है। सीआईआई प्रधानमंत्री को इस प्रयास के लिए बधाई देती है और उनके इस फैसले का स्वागत करती है।
- डॉ. नौशाद फोर्ब्स, प्रेसिडेंट सीआईआई
कालाधन रोकने के लिए यह कदम सही है। आने वाले कुछ दिनों तक व्यापारियों पर इसका असर पड़ेगा। सरकार को इसके लिए व्यापारियों को विशेष सुविधा देनी चाहिए।
- चरणजीव सिंह, व्यापार मंडल प्रधान
सरकार का प्रयास सराहनीय है, लेकिन इसका देशभर के कारोबारियों पर असर पड़ेगा। खासकर बड़े कारोबारियों पर। इस फैसले का असर बुधवार से ही दिखाई देने लगेगा।
- नरेश महाजन, सेक्टर-23 मार्केट एसोसिएशन प्रधान
इस कदम से 80 फीसदी ब्लैक मनी बाहर निकल आएगी या समाप्त हो जाएगी। हालांकि नोट बंद होने से बड़े कारोबारियों पर काफी असर पड़ेगा।
- संजय सहगल, प्रधान ज्वेलर्स एसोसिएशन