लेनदारों का रोज आ रहा था फोन, भतीजे ने चाची को फोन करके कहा कि हमने दवाई पी ली है
चाची ने मौके पर पहुंचकर बुलाई एंबुलेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली/ जीरकपुर। ढकोली के पास पड़ते गांव विजयनगर में एक परिवार के तीन सदस्यों ने जहरीला पदार्थ पीकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलते ही अन्य परिजनों ने उन्हें ढकोली के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फेज-6 के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया। परिवार के जिन सदस्यों ने जहरीला पदार्थ पीया है, उनमें 50 वर्षीय संजय गोयल, उनकी 39 वर्षीय पत्नी मंजू गोयल, व 19 वर्षीय बेटा अक्षित गोयल शामिल हैं। मंजू गोयल की मौत हो चुकी है। उन्हें जब सिविल अस्पताल फेज-6 लाया गया तो मौत हो चुकी थी, जबकि संजय गोयल व अक्षित गोयल को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। वारदात शनिवार सुबह 11 बजे की है। परिवार पीरमुछल्ला में वृंदावन गार्डन सोसाइटी में ए-ब्लॉक के फ्लैट नंबर- 504 में रहता है। बताया जा रहा है कि परिवार ने सल्फास निगली है, लेकिन अधिकारियों ने पुष्टि नहीं की है।
जांच में सामने आया है कि संजय गोयल सवा दो साल से पीरमुछल्ला में किराये के मकान पर रह रहे थे। वह प्रॉपर्टी का काम करते थे। पता लगा है कि खुदकुशी का प्रयास करने के पीछे संजय गोयल पर कर्ज बताया जा रहा है। इस संबंध में लेनदारों के घर पर आना जाना लगा रहता था। लेनदार उसे रोज फोन करते थे, इस कारण पूरा परिवार मानसिक तौर पर परेशान था। सूत्रों के अनुसार शनिवार सुबह परिवार के बीच इस संबंध में लड़ाई हुई थी। लड़ाई के बाद परिवार के तीनों सदस्यों ने गुस्से में जहरीला पदार्थ पी लिया। इसकी सूचना सबसे पहले अक्षित की चाची अंशु गोयल को मिली थी, वह पास ही में रहती हैं। अंशु को अक्षित ने फोन पर दवा पीने की जानकारी दी थी। इसके तुरंत बाद अंशु अपने पति (संजय के छोटे भाई) को साथ लेकर उनके फ्लैट पर पहुंची और एंबुलेंस को फोन किया। पौने घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस ने तीनों को ढकोली अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
कोट्स
पीजीआई से परिवार के जहरीला पदार्थ पीने की सूचना मिली थी। एक महिला की मौत बताई जा रही है। पिता-पुत्र पीजीआई में हैं। वहां जाकर डॉक्टरों से रिपोर्ट ली जाएगी, इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
धर्मपाल, जांच अधिकारी, थाना ढकोली।