पीजीआई के सामने सड़क पर फॉर्च्यूनर कार सवार से हाथापाई और बदसलूकी करना यातायात पुलिस के एएसआई और सीनियर सिपाही को महंगा पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद डीएसपी पलक गोयल ने एएसआई और सीनियर सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही इस मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
यातायात प्रभारी हरमिंदरजीत सिंह ने बताया कि गाड़ी चालक मोबाइल पर बात करते हुए आ रहा था। इस दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने उसे रोका। चालान काटने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इस बीच यातायात कर्मियों ने मोबाइल का इस्तेमाल करने का चालान काट दिया। हरमिंदरजीत सिंह के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि गाड़ी चालक के माफी मांगने के बाद विवाद खत्म हो गया था।
शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की इस घटना का वीडियो रविवार को वायरल हो गया, जिसमें एएसआई रविंदर सिंह और सीनियर सिपाही राहुल चंडीगढ़ नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोककर खड़े नजर आ रहे हैं। एएसआई चालक से झगड़ा, धक्कामुक्की और बदसलूकी करता दिख रहा है।
वीडियो में चालक भी विरोध करता और एएसआई को पीछे हटाने के लिए उसे धक्का देता दिख रहा है। इस बीच सीनियर सिपाही राहुल एएसआई की जगह चालक का वीडियो बनाने लगता है। इसके बाद एएसआई गाड़ी में बैठ गया लेकिन राहुल फॉर्च्यूनर की चाबी को जबरदस्ती निकालने लगा। चालक जब चाबी नहीं छोड़ रहा था तो उसने जबरदस्ती चाबी छीन ली। इसके बाद एएसआई मोबाइल और राहुल हैंडीकैम से वीडियो बनाने लगे। इस पूरे प्रकरण को पीछे खड़ी कार में सवार एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। - पलक गोयल, डीएसपी, यूटी पुलिस