मृतक सीए का फाइल फोटो और सीसीटीवी में कैद आरोपी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर की इस्लामाबाद थानाक्षेत्र की राम नगर कॉलोनी में रविवार की रात हुई चार्टेड अकाउंटेट की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और स्कूटी बरामद कर ली है। दोनों से पूछताछ के दौरान इस हत्याकांड के तीन अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। यह जानकारी मंगलवार की शाम आयोजित प्रेसवार्ता में एडीसीपी सिटी-1 डॉ. मेहताब सिंह ने दी।
एडीसीपी ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर उर्फ ढोला निवासी कोटियां चौक, इस्लामाबाद और अमरदीप सिंह उर्फ रोमी निवासी राम नगर कॉलोनी आदर्श नगर, कोट खालसा के रूप में बताई है। उन्होंने बताया कि रविवार की रात राम नगर कॉलोनी में सीए सौरभ सोढी की चार अज्ञात नकाबपोशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी सागर उर्फ ढोला को स्कूटी के साथ काबू किया गया जबकि दूसरे आरोपी अमरदीप सिंह उर्फ रोमी को वारदात में इस्तेमाल बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों से की गई पूछताछ के दौरान सीए सौरभ सोढी की हत्या में शामिल तीन अन्य आरोपियों अवतार सिंह निवासी पलासर रोड, गली फौजियां, तरनतारन और बाहमण के रूप में कर ली गई है। आरोपियों को केस में शामिल करने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि काबू किए गए आरोपी अमरदीप सिंह और ढोला के कब्जे से एक लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया है। एसीपी सुरिंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।