अमृतपाल ने कहा कि युवाओं को अमृतपान करके सिख योद्धा बनना चाहिए और इतिहास से दिशा लेकर अपनी आवाज बुलंद करते हुए सिख संघर्ष को आने बढ़ाना चाहिए। कहा कि पांच प्यारों ने सैकड़ों युवाओं को अमृतपान करवाया है। युवाओं को अमृतपान करवाने का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। अमृतपाल को लेकर हरमंदिर साहिब परिसर के अंदर और बाहर भारी पुलिस फोर्स और सिविल वर्दी में पुलिस कर्मचारी व सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारी तैनात थे।
मुंह पर कालिख पोत हरमंदिर साहिब पहुंचा युवक
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से रविवार को कराए जा रहे अमृतपान में काले कपड़े पहने एक युवक मुंह पर कालिख पोतकर पहुंच गया। जिस समय युवक वहां पहुंचा तब वारिस पंजाब दे संगठन का मुखी अमृतपाल भी वहां मौजूद था। संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर श्री हरमंदिर साहिब परिसर से बाहर निकाल दिया। युवक का नाम कुलजिंदर सिंह है और वह कपूरथला का रहने वाला है।
कुलजिंदर सिंह ने बताया कि यह उसका प्रदर्शन करने का तरीका है। वह काला मुंह करके श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचा है। उसे संगत ने बाहर निकाला, उसे इसका गुस्सा नहीं है। अगर श्री अकाल तख्त साहिब उसे सजा दे तो वह उसके लिए भी तैयार है। आने वाले दिनों में वह खुलासा करेगा कि इस प्रदर्शन की वजह क्या थी। कुलजिंदर ने कहा कि कोई भी धर्म इंसानियत के खिलाफ नहीं है। फिर भी आज कुछ लोग इंसान को इंसान के साथ लड़ाने की बातें कर रहे हैं।