हरियाणा विधानसभा चुनाव में डेरा सच्चा सौदा का समर्थन हासिल करने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह खुद मोर्चा संभालेंगे। इस क्रम में शाह डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह से खुद मुलाकात कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पार्टी के हरियाणा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और पंजाब के उद्योग मंत्री के करीबी संजय गर्ग ने बीते दिनों डेरा प्रमुख से गुपचुप मुलाकात कर चुनाव में समर्थन मांगा था।
उस समय पार्टी सूत्रों ने इस मुलाकात को बेहद सकारात्मक बताया था। दरअसल डेरा का राज्य की करीब तीन दर्जन सीटों और खास कर दलितों और पंजाब से लगती सीमाओं वाले इलाकों में व्यापक प्रभाव है।
पार्टी की योजना डेरा समर्थकों को साथ रखने की
पार्टी की योजना डेरा का समर्थन हासिल कर उनके समर्थकों का चुनाव में साथ हासिल करना है। डेरा ने इससे पहले कभी भी भाजपा को समर्थन नहीं दिया है।
शाह ने डेरा प्रमुख के पास मिलने का संदेश पहुंचा दिया है, हालांकि अभी मिलने का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। डेरा प्रमुख और भाजपा अध्यक्ष की दिल्ली में मुलाकात कराने की तैयारी की जा रही है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक हरियाणा में जाट बिरादरी केबाद सर्वाधिक संख्या दलितों की है। डेरा का दलितों के अलावा पंजाब से लगती कई सीटों पर व्यापक प्रभाव है।
भाजपा की नजर गैर जाट वोट बैंक पर
चुनाव में भाजपा की योजना गैर जाट वोट बैंक के बड़े हिस्से पर कब्जे की है। चूंकि डेरा का इस वोट बैंक में व्यापक प्रभाव है, इसलिए पार्टी के रणनीतिकार अरसे से डेरा को पटाने के अभियान में जुटे थे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि डेरा के समर्थन का लाभ पार्टी को कालांवाली, डबवाली, सिरसा, ऐलनाबाद, हांसी, बरवाला, भिवानी, अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, मुलाना, जगाधरी, कलायत, कैथल, पुंडरी, पानीपत ग्रामीण, जींद, नरवाना, फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, नारनौल, रेवाड़ी, पलवल, झज्जर, महेंद्रगढ़, रोहतक सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में लाभ मिलेगा।
चुनाव प्रभारी विजयवर्गीय डेरा मुखी से मिले
हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार शाम डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह से मुलाकात की। समझा जाता है कि विजयवर्गीय ने संत से मुलाकात में हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए डेरा सच्चा सौदा का समर्थन मांगा।
भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि पार्टी के समर्थन के मसले पर डेरा मुखी का रुख सकारात्मक था। डेरामुखी से विजयवर्गीय की मुलाकात की व्यवस्था पंजाब के उद्योग मंत्री मदनमोहन मित्तल के करीबी संजय गर्ग ने कराई।
अगर डेरा भाजपा को समर्थन के लिए राजी होता है, तो यह पार्टी की बड़ी सफलता होगी क्योंकि इससे पहले डेरा किसी भी चुनाव में भाजपा का समर्थन करने से परहेज बरतता आया है।
डेरे की राजनीतिक विंग हुई सक्रिय
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होते ही डेरा सच्चा सौदा के श्रद्धालुओं की ओर से गठित राजनीतिक विंग के सदस्य सक्रिय हो गए हैं और उन्होंने ब्लाक स्तर पर बैठक कर श्रद्धालुओं की नब्ज टटोलनी शुरू कर दी है।
मंगलवार को प्रदेश भर में छह टीमों ने हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर श्रद्धालुओं की राय जानी और उनके सुझाव भी लिए। सर्वे पूरा होने के बाद ही विंग कोई फैसला लेगी। अभी तक समर्थन को लेकर केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं।
हर चुनाव में डेरा सच्चा सौदा के श्रद्धालुओं की भूमिका अहम होती है। हरियाणा की राजनीतिक विंग में पुरुषोत्तम लाल टोहाना, रामपाल टोहाना, चांदीराम कैथल, साधुराम कै थल, छोटू राम आदमपुर और राकेश इंसां शामिल हैं।
6 टीमों ने श्रद्धालुओं की नब्ज टटोली
हरियाणा के 45 मेंबर कमेटी के सदस्यों ने प्रदेश में छह टीमों के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर श्रद्धालुओं की नब्ज टटोली। टीम ए ने सोनीपत, राई, गोहाना, गन्नौर, टीम बी ने साढौरा, बिलासपुर, खिजराबाद, जगाधरी, मुस्तफाबाद, टीम सी ने घरौंडा, करनाल, इंद्री ब्याना, कुंजपुरा, नीलोखेड़ी, टीम डी ने डबवाली, ऐलनाबाद, सिरसा, रामपुर थेड़ी, चक्कां, रानियां चामल और कल्याणनगर, टीम ई ने महेंद्रगढ़, अटेली, रेवाड़ी, कोसली, नारनौल और टीम एफ ने कुरुक्षेत्र, लाडवा, शाहाबाद, इस्माइलाबाद, पिपली, बाबैन और मंधेडी में जाकर बैठक कर श्रद्धालुओं की नब्ज टटोली। बुधवार को टीम बी यमुनानगर, जठलाना और रादौर का दौरा करेगी।
मतदाताओं की राय से होगा फैसला
हरियाणा राजनीतिक विंग के सदस्य राकेश इंसां ने बताया कि डेरा के श्रद्धालुओं ने आपस में मिलकर राजनीतिक विंग का गठन किया हुआ है जो हर क्षेत्र में जाकर वहां के मतदाताओं की राय लेती है और बाद में सबकी राय पर फैसला लिया जाता है। उन्होंने बताया कि सभी 90 हलकों की संगत से राय आने के बाद ही कोई फैसला लिया जाता है।
यह फैसला डेरा के श्रद्धालुओं का होता है इससे डेरा कमेटी का कोई संबंध नहीं होता। उन्होंने बताया कि अभी किसी भी दल या उम्मीदवार को समर्थन को सवाल ही पैदा नहीं होता जबकि श्रद्धालुओं की राय जानने के लिए बैठकें जारी है। उन्होंने बताया कि समर्थन को लेकर जो कुछ भी छापा जा रहा है वह केवल कयास मात्र है।
उन्होंने बताया कि राजनीतिक विंग जब भी कोई फै सला लेती है तो सभी को अवगत करवाया जाता है। श्रद्धालु उम्मीदवार के प्रति राय जाहिर करते हैं किसी दल के प्रति नहीं। उन्होंने बताया कि डेरा प्रमुख ने तो सदैव अपने जमीर की आवाज पर मतदान करने की बात कही है।