चंडीगढ़। कोरोना संक्रमण पर भले ही ब्रेक लग गई है, लेकिन चंडीगढ़ में एक ही दिन में 256 लोगों की मौत हो गई। यह खुलासा चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से वीरवार को सचिवालय में कोरोना के मृतक आश्रितों को आर्थिक मदद देने के लिए बुलाई गई प्रेसवार्ता के दौरान किया गया।
बीते बुधवार तक कोरोना से मौत के आंकड़े सरकारी कागजों में 820 चल रहे थे। वहीं, महज 24 घंटे बाद प्रशासन ने मौतों की संख्या 1076 दिखा दी। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि पूरा डाटा श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार के रिकॉर्ड को मिलाकर तैयार किया गया है। इसे आईडीएसपी (एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम) के रिकॉर्ड में शामिल किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की इस आंकड़ेबाजी को 13 मई 2021 को अमर उजाला ने उजागर किया था। आज प्रशासन ने जिस रिपोर्ट का हवाला दिया है, ठीक उसी तरह अमर उजाला ने श्मशानघाट पर जलीं चिताओं को देखकर लिखा था, पर विभाग मानने को तैयार नहीं था।
स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने आंकड़ों में हेरफेर के मामले को दबाने के लिए इसे आईडीएसपी की कड़ी मेहनत का नतीजा बताया है। उनके अनुसार आईडीएसपी के अधिकारियों व कर्मचारियों ने रिकॉर्ड का मिलान कर काफी मशक्कत के बाद श्मशानघाट की सूची को पुष्ट किया है। इतना ही नहीं, यह क्रम लगातार जारी है। अभी 1076 की संख्या में काफी इजाफा हो सकता है।
प्रशासन की ओर से जारी मौतों का नया आंकड़ा
- आईडीएसपी के अनुसार चंडीगढ़ में अब तक कुल मौतें 820
- श्मशानघाट पर 359 कोरोना संक्रमितों का अंतिम संस्कार। इसमें 256 को आईडीएसपी में किया गया शामिल।
- इस संख्या में 103 अब भी संदिग्ध हैं, क्योंकि 22 के पास स्वास्थ्य विभाग से जारी फार्म 4 की कॉपी उपलब्ध नहीं है।
- 81 का पता गलत दर्ज है। प्रशासन अब भी कर रहा उनके रिकार्ड की तलाश।
29 परिजनों को साढ़े 14 लाख की सहायता राशि
चंडीगढ़ प्रशासन के अनुसार कोविड 19 से मृत व्यक्ति के परिजनों के 138 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 29 आवेदकों को डीबीटी के माध्यम से 14,50,000 रुपये दे दिए गए हैं। शेष आवेदनों पर भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। दावेदार chandigarhdistrict.nic.in से ऑनलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसे भरकर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को साक्ष्यों के साथ जमा करना होगा।
पूर्व में तय कोरोना का आंकड़ा
- कोरोना की पॉजिटिव रिपोर्ट के आधार पर
- रिपोर्ट पॉजिटिव आने के आगामी 30 दिनों के दौरान या उसके बाद घर या अस्पताल में मौत
- मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से भरे गए फार्म 4 के आधार पर
- आईडीएसपी के पोर्टल पर जारी रिपोर्ट के आधार पर
- चंडीगढ़ निवासी की कोरोना संक्रमित होने पर किसी अन्य प्रदेश में हुई मौत
अब किया मानकों में ये बदलाव
- कोरोना जांच रिपोर्ट पेश न कर पाने की स्थिति में मृतक की एक्स-रे या सीटी स्कैन की रिपोर्ट के आधार पर।
- श्मशानघाट पर भरे जाने वाले फार्म दो के आधार पर।
- प्रशासन की ओर से गठित जांच कमेटी की अनुशंसा के आधार पर।
कोट
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में चंडीगढ़ के साथ अन्य प्रदेशों से मिली यहां के मृतकों की सूचना वाले पुष्ट केस भी शामिल हैं। जहां तक आंकड़ों में गड़बड़ी की बात है तो ऐसा कहना उचित नहीं होगा। क्योंकि तय मानक के अनुसार साक्ष्यों का मिलान कर ही मृतकों की सूची जारी की गई है। सुधार की गुंजाइश जहां तक होगी, वहां तक आंकड़ों को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि कोई भी मृतक आश्रित योजना के लाभ से वंचित न रहे।
-यशपाल गर्ग, स्वास्थ्य सचिव