बमियाल स्थित भारत-पाक सीमा पर दौरा करते डीजी बीएसएफ वीके जौहरी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर 21 अक्तूबर को होने वाले उपचुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा केंद्रीय सुरक्षा बल संभालेगा। वहीं, पंजाब पुलिस के सशस्त्र बल सेकेंड लाइनअप में रहेंगे। चुनाव आयोग ने केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 24 कंपनियां उपलब्ध कराने की मांग की है। राज्य चुनाव आयोग जलालाबाद और दाखा सीट संवेदनशील मान रहा है। इनमें जलालाबाद में लंबे समय से अकाली दल का वर्चस्व रहा है। दाखा सीट आप विधायक के इस्तीफा देने से खाली हुई है, लेकिन इस सीट पर भी 2017 से पहले अकाली दल का वर्चस्व रहा है।
पठानकोट में चला सर्च अभियान
खुफिया एजेंसियों से लगातार मिल रही इनपुट और जैश-ए-मोहम्मद से मिले धमकी भरे पत्र के बाद पठानकोट को हाई अलर्ट पर घोषित किया गया है। बताया जा रहा है कि पठानकोट का मामून मिलिट्री स्टेशन, माधोपुर कैंट और पठानकोट एयरबेस आतंकियों के निशाने पर है।
इसके अलावा चारों तरफ मिलिट्री एरिया और भारत-पाक सीमा से सटा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां चौकस है। पठानकोट में 45 नाके बढ़ाए गए हैं, अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। गुरुवार दोपहर बीएसएफ के डायरेक्टर जनरल वीके जौहरी पठानकोट पहुंचे।
डीजी ने पहले माधोपुर के बीएसएफ कैंपस में अधिकारियों से बैठक की। एक घंटा चली बैठक में उन्होंने बीएसएफ को सतर्क रहने के लिए कहा। इसके बाद डीजी भारत-पाक सीमा के आखिरी गांव सिंबल स्कोल स्थित आर्मी पोस्ट पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की।
सके बाद डीजी डेरा बाबा नानक के लिए रवाना हो गए। सूत्रों की मानें तो पंजाब में खालिस्तानी आतंकियों के सरगर्म होने के कारण बीएसएफ डीजी ने दौरा किया है। वहीं, लखनपुर में हथियारों सहित पकड़े गए जैश के आतंकियों को खालिस्तानी मदद की आशंका जताई जा रही है।
पठानकोट में दो कमांडों कंपनियां तैनात, 250 सुरक्षा कर्मियों की डिमांड
खुफिया एजेंसियों के मुताबिक जैश-ए-मोहम्मद पठानकोट समेत पंजाब के अन्य जिलों में किसी बड़े फिदायीन हमलों की फिराक में हैं। इसके चलते पंजाब के सबसे संवेदनशील जिला पठानकोट में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
बुधवार रात एसएसपी दीपक हिलोरी समेत अन्य अधिकारियों ने देर रात जिले भर के नाकों पर चेकिंग की। इसके अलावा पठानकोट के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों पर कमांडो के साथ जिला पुलिस ने एंटी सेबोटेज, स्निफर डॉग सहित चेकिंग की।
पुलिस ने पठानकोट में कमांडो फोर्स की दो कंपनियों को तैनात किया है और एसएसपी ने डीजीपी से 250 अतिरिक्त जवानों की डिमांड की है। जम्मू रूट पर चलने वाली बसों में लोगों के पहचान पत्र जांचे और पूछताछ की। डीएसपी ने बताया कि संदिग्ध लोगों को राउंडअप कर जांच की जा रही है।
एसएसपी दीपक हिलोरी ने माना कि अतिरिक्त जवानों की डिमांड की गई है, हालांकि उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए संख्या बताने से इनकार किया। एसएसपी ने बताया कि देर रात सभी नाकों पर चेकिंग की गई और सभी नाकों पर तैनात कर्मचारी सतर्क पाए गए। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी भी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। स्थिति कंट्रोल में है।
गुरदासपुर में सुरक्षा सख्त
खुफिया एजेंसियों की ओर से मिली इनपुट के बाद किए गए हाई अलर्ट के चलते जारी किया। जिला पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम बेहद सख्त कर दिए गए हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के साथ-साथ आर्मी को भी लगाया गया है।
शहर के सभी प्रमुख चौक, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। शहर के विभिन्न एंट्री प्वाइंट पर नाके लगाए गए हैं। जबकि आर्मी एरिया के साथ लगते कई स्कूल में भी पुलिस ने आर्मी के मदद ली गई है। गुरदासपुर के एसएसपी स्वर्णदीप सिंह का कहना था कि हाई अलर्ट के चलते जिले में सुरक्षा बेहद पुख्ता की गई है।