अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि बीजेपी-जेजेपी सरकार जनहित में बेहतर कार्य कर रही है। इनेलो पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बसपा से नकारे हुए लोग ही इनेलो से जुड़े हैं। इनकी जमीन पर कोई पकड़ नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि इतना सब साफ होने के बाद आखिर किस दम पर इनेलो अपने कुनबे को बड़ा होना बता रही है।
अजय इनसो कार्यालय के शुभारंभ पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बरोदा उपचुनाव जीतने का दावा करने के सवाल पर चौटाला ने कहा कि इनेलो पहले पता करे कि बरोदा में हुए इस बार के विधानसभा चुनाव व जींद उपचुनाव में इनेलो को कितने वोट मिले और जेजेपी को कितने। इनेलो को बरोदा उपचुनाव में भी इसका पता लगा जाएगा। कहीं ऐसा न हो कि इनेलो को नोटा से भी कम वोट मिलें। चौटाला ने कहा कि बरोदा उपचुनाव को जेजेपी-बीजेपी मिलकर मजबूती के साथ लड़ेगी।
यह भी पढ़ें- शहीद के ताबूत से लिपट मां बोली--‘खड़ा हो जा पुत्त ‘मोहनी’ कित्थे चला गया तूं, रब्बा मैनूं चक लेंदा’
अजय चौटाला ने चंडीगढ़ में स्थापित किया इनसो का नया कार्यालय
जननायक जनता पार्टी की छात्र इकाई इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) ने हरियाणा के साथ-साथ अन्य सीमावर्ती पंजाब, चंडीगढ़, यूपी, दिल्ली, राजस्थान आदि राज्यों में अपने छात्र संगठन की मजबूती के लक्ष्य से चंडीगढ़ को केंद्र बनाते हुए नया कार्यालय स्थापित किया है। चंडीगढ़ सेक्टर-3 स्थित इस कार्यालय का शुक्रवार को जेजेपी के संरक्षक एवं पूर्व सांसद डॉ. अजय चौटाला ने उद्घाटन किया।
नए कार्यालय के लिए इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला, छात्र इकाई के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप देसवाल ने अजय चौटाला व जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह का धन्यवाद किया। दिग्विजय ने कहा कि संगठन इनसो की मजबूती के लिए कार्य करेगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री अनूप धानक, वरिष्ठ नेता प्रो. रणधीर चीका, जेजेपी प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह, युवा प्रभारी सुमित राणा आदि मौजूद रहे।