कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए अजय शर्मा और नरिंदर सिंह रिंकू दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दोनों नेता अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हुए हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की और चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने उनका स्वागत किया है।
चंडीगढ़ में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए नेताओं की रविवार को दोबारा कांग्रेस पार्टी में वापसी हुई है। कांग्रेस में शामिल होने वाले नेता अजय शर्मा और नरिंदर सिंह रिंकू अपने समर्थकों व सहयोगियों के साथ पार्टी में दोबारा शामिल हुए हैं। सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और सांसद मनीष तिवारी ने अजय शर्मा और नरिंदर सिंह रिंकू सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर वापसी करवाई। कांग्रेस भवन में सभी को मनीष तिवारी और लक्की ने पार्टी का पटका और माला पहनाकर स्वागत किया।
विज्ञापन
अजय शर्मा और नरिंदर रिंकू के साथ कई कार्यकर्ता शामिल हुए। ये दोनों ही नेता पहले कांग्रेस में थे। कुछ कारणों से वे कुछ वर्ष पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। दोनों ने कहा कि भाजपा में उनका मान नहीं हुआ इसलिए वे अपने घर वापस चले आए। लक्की ने कहा कि भाजपा के कई नेता उनके संपर्क में हैं। वे जल्द ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होंगे। शनिवार को देश के कई राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनाव के परिणाम काफी सकारात्मक रहे हैं। इंडिया गठबंधन की भारी जीत हुई है। 13 में से 10 पर इंडिया गठबंधन की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद अब बद्रीनाथ का आशीर्वाद मिल गया है। अब कांग्रेस तेजी से बढ़ रही है। सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि उम्मीद है कि जो साथी कांग्रेस में जुड़े हैं उनके आने से पार्टी को बल मिलेगा।