रेलवे स्टेशन पर की गई गहन जांच पड़ताल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना के खिलाफ विभिन्न राज्यों में चल रहे विरोध की आग ने पड़ोसी राज्य हरियाणा को भी चपेट में ले लिया है। हरियाणा के कई जिलों में प्रदर्शन के बाद एहतियात के तौर पर पंजाब के सभी बड़े रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। राजपुरा, सरहिंद, लुधियाना, जालंधर, ब्यास, अमतृसर, पठानकोट, मोगा और फिरोजपुर स्टेशन समेत राज्य के सभी बड़े स्टेशन हाई अलर्ट पर हैं। इन स्टेशनों पर जिला पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ ने सख्ती बढ़ा दी है।
ट्रेन परिचालन को जारी रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीआरपी व आरपीएफ के जवान स्टेशन परिसर के साथ रेलवे पुल और रेल पटरियों पर लगातार गश्त कर रहे हैं। रेल पटरियों के आसपास से संदिग्धों को खदेड़ा जा रहा है और चलती ट्रेनों में सख्त चेकिंग चल रही है। जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने में जुटे हैं और पल-पल की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जा रही है।
हालात के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। हम ट्रेन परिचालन को सुरक्षित रूप से चालू रखने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। - बलराम राणा, डीएसपी जीआरपी, लुधियाना।