चंडीगढ़ में युवक ने सरेआम दोस्त को मारा चाकू।
- फोटो : अमर उजाला
बाइक की बिक्री के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात सेक्टर-32 में रविवार शाम को हुई। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि वारदात के समय मौके पर करीब 10 से 12 लोग मौजूद थे, लेकिन सभी तमाशबीन बने रहे। एक युवक तो वीडियो बनाता रहा। पूरी घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। मृतक की पहचान सेक्टर-32 कॉलोनी निवासी निखिल उर्फ धोबी (18) और आरोपी की पहचान अभि (20) के रूप में हुई है।
वारदात के बाद आरोपी के मौके से फरार होने के बाद लहूलुहान निखिल को लोगों ने जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, निखिल के पिता पेंटर का काम करते हैं जबकि निखिल धोबीघाट पर रहता है। अभि और निखिल दोस्त थे। निखिल ने अभि को अपनी बाइक बेची थी। अभि ने बाइक की रकम में से दो हजार रुपये कम दिए तो निखिल ने बाइक के दस्तावेज उसे नहीं सौंपे। वह अपने दो हजार रुपये मांग रहा था। इसको लेकर रविवार सुबह से ही दोनों के बीच बहस और झगड़ा चल रहा था।
सूत्रों के अनुसार, दोनों एक दूसरे को चाकू मारने की धमकी दे रहे थे। शाम को निखिल और अभि के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसके बाद अभि ने निखिल के सीने पर चाकू से कई वार किए और फरार हो गया। चाकू लगते ही निखिल जमीन पर गिर पड़ा। उसके बाद लोगों ने उसे गाड़ी से सेक्टर-32 के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अभि निखिल को चाकू मारता साफ दिख रहा है। वहीं, मारपीट के दौरान अभि और निखिल के दोस्त समेत करीब 10 से 12 लोग तमाशबीन बने रहे। फुटेज में दिख रहा है कि कुछ लोग अपनी जेब में हाथ डालकर मारपीट देख रहे हैं। किसी ने भी उन्हें लड़ने से रोकने की कोशिश नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निखिल घायल होने के बाद पानी मांगता रहा। जिसके बाद लोगों ने उसे पानी पिलाया।
मां का आरोप डॉक्टरों ने समय पर शुरू नहीं किया इलाज
उधर, मृतक निखिल की मां अंजू ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का अस्पताल में समय से इलाज नहीं किया गया। समय से इलाज होता तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। मां का आरोप है कि डाक्टरों ने उनके बेटे के अस्पताल पहुंचने के बाद काफी देरी से इलाज शुरू किया।
आरोपी की पहचान हो गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - केतन बंसल, एसपी सिटी