ऑल सेक्टर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन आई आगे, सेक्टरों में प्रापर्टी सर्वे में भारी गड़बड़ी
चंडीगढ़। हरियाणा लोकायुक्त के नोटिस के बाद सरकार की ओर से प्रॉपर्टी आईडी का सर्वे करने वाली कंपनी याशी को ब्लैक लिस्टेड करने के बाद अब प्रदेश में दोबारा से प्रापर्टी सर्वे कराने की मांग उठी है। ऑल सेक्टर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का कहना है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों की प्रापर्टी आईडी में भारी गड़बड़ी है, इसलिए पहले वाले को रद्द कर नए सिरे से सर्वे कराया जाए।
वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप वत्स ने कहा कि एक कंपनी की लापरवाही का खामियाज़ा प्रदेश के लाखों परिवार भुगतने को मजबूर हैं। प्रॉपर्टी आईडी की गड़बड़ियों को ठीक करवाने के लिए लोग लम्बे समय से कार्यालयों में ठोकरे खाने को मजबूर हैं। एसोसिएशन लंबे समय से प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी के मुद्दे को उठा रही है, लेकिन सरकार की ओर से इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया गया।
वत्स ने कहा कि स्थानीय निकाय विभाग की ओर से शहरी क्षेत्रों में सेक्टरों व कॉलोनियों में जो प्रॉपर्टी टैक्स बिल बांटे गए हैं, उनमें सर्वे में लापरवाही के कारण प्रॉपर्टी आईडी में नाम, पता, फोन, प्लाॅट साइज सहित कई प्रकार की गड़बड़ियां है। इसके अलावा सेक्टरों में प्रॉपर्टी टैक्स बिलों में तीन साल का गलत गारबेज चार्ज लगाया गया है। ऐसे में प्रदेश के लाखों परिवार परेशान हैं।