शहर को टूरिस्ट हब के तौर पर डेवलेप करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन की प्लानिंग शुरू हो गई है। प्रोजेक्ट के तहत 22 से 26 अप्रैल तक चंडीगढ़ में पहला एडवेंचर स्पोर्ट्स कार्निवाल आयोजित किया जा रहा है।
सिटको सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड में आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ है। युवा कार्निवाल में करीब 30 तरह के एडवेंचर स्पोर्ट्स का मजा ले सकेंगे।
युवाओं के लिए लजीज व्यंजन के साथ म्यूजिक और डांस का भी पूरा प्रबंध रहेगा। सेक्टर-10 होटल माउंटव्यू में आयोजित प्रेसवार्ता में गृहसचिव अनुराग अग्रवाल, एमडी कविता सिंह ने स्पोर्ट्स कार्निवाल की विस्तृत जानकारी दी।
कविता सिंह ने बताया कि एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए लोगों को 80 से 200 रुपये तक खर्च करने होंगे। पांचों दिन शाम को कल्चरल नाइट का आयोजन भी किया जाएगा। कार्निवाल की पब्लिसिटी के लिए ट्राइसिटी ही नहीं हरियाणा, पंजाब और हिमाचल जैसे साथ लगते राज्यों में लोगों को विभिन्न मीडिया माध्यमों से निमंत्रण दिया जाएगा।
कार्निवाल के लिए सिटको का खास हॉली डे पैकेज
एडवेंचर स्पोर्ट्स कार्निवाल को हॉली डे पैकेज की तरह प्रमोट किया जा रहा है। कविता सिंह ने बताया कि 5 दिन के कार्निवाल के लिए सिटको के सभी तीन होटल में स्पेशल पैकेज दिए जाएंगे।
होटल माउंटव्यू में 7 हजार, शिवालिक व्यू में 6 और पार्क व्यू में 4700 रुपये का पैकेज ऑफर किया गया है। सिटको होटल के पैकेज, कपल, फैमिली और कुछ दोस्त मिलकर ले सकते हैं।
गेम्स का उठाएं मजा
एडवेंचर स्पोर्ट्स कार्निवाल में हॉट एयर बैलूनिंग,जोर्बिग,बुल राइड,बंजी जंपिंग,केज राइट्स,जीप लाइन,पेंट बॉल बैटल गेम्स,एयर राइफल,सूमो रेस्लिंग,मैगनेटिक फिशिंग,रॉकेट बूम,ओलंपिक आर्चरी,जंप सर्टिफिकेट जैसे इवेंट का लुत्फ उठा सकेंगे।
शहर को टूरिस्ट डेस्टीनेशन बनाने के लिए प्रशासन कई नई योजनाओं पर काम कर रहा है। स्पोर्ट्स कार्निवाल भी इसका हिस्सा है। अगर प्रयोग सफल रहा तो इसे सालाना कैलेंडर का हिस्सा बनाया जाएगा।
- अनुराग अग्रवाल, होम सेक्रेटरी यूटी चंडीगढ़