चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने आईटी पार्क स्थित चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की सभी व्यावसायिक साइटों का आवंटन लीज होल्ड पर ही करने की शर्त लगाई हुई थी। इसे लेकर सोमवार को प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में इस शर्त को हटाने का फैसला लिया गया ताकि बोर्ड यहां पर फ्री होल्ड गैर आवासीय प्लॉटों का आवंटन कर सके।
अब इसे लेकर सिर्फ यूटी प्रशासक की मंजूरी बाकी है, जिसके बाद ही फ्री होल्ड पर इन प्लॉटों की आवंटन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके अलावा बैठक में फैसला लिया गया कि लीज होल्ड पर अलॉट साइट पर बनी व्यवसायिक संपत्ति को भी प्रशासक से मंजूरी के बाद तुरंत फ्री होल्ड पर बेचना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि इन संपत्तियों के लिए फिलहाल कन्वर्जन चार्जेज का फार्मूला तय करना है। कंपीटेंट अथॉरिटी द्वारा कन्वर्जन चार्जेज का फार्मूला तय करने के बाद ही सीएचबी को इसके लिए पेमेंट करनी होगी। इसी तरह लीज होल्ड पर अलॉट साइट पर बनी आवासीय संपत्ति की पहले ही बोर्ड ने फ्री होल्ड पर ई-टेंडरिंग करनी शुरू कर दी है।
बता दें कि प्रशासन ने सीएचबी को आईटी पार्क में 123 एकड़ भूमि अलॉट की थी। प्रशासन ने कन्वेंस डीड में व्यावसायिक साइटों के संबंध में ये शर्त लगाई थी कि इनका आवंटन सिर्फ लीज होल्ड पर ही किया जाएगा। इस संबंध में सीएचबी के सीईओ यशपाल गर्ग ने बताया कि सोमवार को प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी, जिसमें व्यवसायिक साइटों की लीज होल्ड पर अलॉटमेंट करने की शर्त हटाने का फैसला लिया गया है। अब सिर्फ यूटी प्रशासक की मंजूरी का इंतजार है।