चंडीगढ़। सांसद किरण खेर शहर पहुंच गईं हैं। वीरवार को उन्होंने सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों, पार्षदों और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें मेयर सरबजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर दिलीप शर्मा भी उपस्थित रहे।
सांसद ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह से भी मुलाकात की। एक अन्य बैठक के दौरान उद्योग व्यापार मंडल चंडीगढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने यूवीएम के अध्यक्ष कैलाश चंद जैन के नेतृत्व में उनसे मुलाकात की और व्यापारियों को पेश आ रही दिक्कतों से उन्हें अवगत कराया। जैन ने व्यापारियों की तरफ से एक ज्ञापन व मांगपत्र भी सांसद को सौंपा। इस मांगपत्र में कॉमर्शियल प्रॉपर्टी को लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने, बूथों के ऊपर अतिरिक्त मंजिल बनाने की मंजूरी देने, आवंटित संपत्ति से अनअर्जित लाभ को समाप्त किए जाने, बिल्डिंग बायलॉज को आसान बनाने, कॉमर्शियल व औद्योगिक प्लॉटों में एफएआर बढ़ने, वैट से संबंधित पुराने केसों के निपटारे के लिए पंजाब की तर्ज पर ओटीएस स्कीम लाने की मांग की गई है। इसके अलावा कैपिटल ऑफ पंजाब गवर्नमेंट एंड रेगुलेशन एक्ट 1952 में संशोधन न किए जाने और नीड बेस चेंज को रेगुलर करने समेत अन्य मांगें हैं। जैन ने बताया कि सांसद किरण खेर ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक से सुना व मांगों पर उचित फैसला लेकर हल करवाने का आश्वासन दिया।