जीएमसीएच-32 के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. विशाल गुगलानी ने जारी किया सर्कुलर
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में मरीजों और तीमारदारों से अभद्र व्यवहार करने पर अब सख्त कार्रवाई होगी। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. विशाल गुगलानी ने बुधवार को सर्कुलर जारी कर डॉक्टरों, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ, अधिकारियों और निजी सुरक्षाकर्मियों को मरीजों से विनम्रता से पेश आने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार मरीजों और परिजनों से गाली-गलौज, अपमानजनक भाषा और बेवजह बहस बर्दाश्त नहीं होगी। अस्पताल आने वालों को ओपीडी, वार्ड और अन्य सुविधाओं की सही जानकारी देकर मदद करनी होगी। बुजुर्गों, दिव्यांगों और गंभीर मरीजों को विशेष सहायता देने के निर्देश हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।