बदले की राजनीति की जा रहीः चन्नी
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर सियासी हमला बोला। चन्नी ने कहा कि आज शहीद भगत सिंह की जयंती पर आम आदमी पार्टी द्वारा जानबूझकर कांग्रेस को बदनाम करने के लिए उनके नेता सुखपाल खैरा को सुबह 6:30 बजे गिरफ्तार करवाया गया। यह कोई भ्रष्टाचार मिटाने वाली बात नहीं बल्कि बदले की राजनीति की जा रही है। सरकारों के खिलाफ बोलने वालों की आवाज को दबाया जा रहा है। कांग्रेस खैरा के साथ मजबूती से खड़ी है। इसके खिलाफ समूची कांग्रेस एकजुट है।
विधायक सुखपाल खैरा के खिलाफ साजिश के तहत कार्रवाई की गई है। यह राजनीतिक बदलाखोरी का मामला और विरोधी दल को डराने की कोशिश है। आम आदमी पार्टी का इरादा मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना है। हम सुखपाल खैरा के साथ मजबूती से खड़े हैं। इस लड़ाई को अंजाम तक जरूर लेकर जाएंगे। - अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रधान पंजाब कांग्रेस।
सुखपाल खैरा की गिरफ्तारी निंदनीय है। आप सरकार ने अब निचले स्तर पर उतरकर बदले की रानजीति का सहारा लिया है। खैरा कांग्रेस के किसान विंग के नेता भी हैं। पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ में आकर खैरा को गिरफ्तार किया है। ऐसे में चंडीगढ़ को पुलिस को सूचित तक नहीं किया गया। पंजाब पुलिस पर किडनैपिंग का पर्चा दर्ज होना चाहिए। - प्रताप सिंह बाजवा, विधानसभा में विपक्षी दल के नेता।