कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा समाना की अग्रवाल धर्मशाला समाना से रथयात्रा में शामिल हुए। वहीं कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी अजनाला चौक में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मंत्रियों ने इस दौरान अनेक स्थानों पर लंगर में योगदान दिया।
भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे पंजाब में सोमवार को उत्साह, हर्षोल्लास का वातावरण रहा। शहरों में जगह-जगह धार्मिक आयोजन हुए और शहरों व गांवों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। पूरे पंजाब में हजारों एलसीडी स्क्रीन लगाई गईं, जहां लोगों ने प्राण-प्रतिष्ठा का पूरा कार्यक्रम लाइव देखा। रात के समय पूरे पंजाब के मंदिरों व घरों में दीपक जलाने और आतिशबाजी का प्रबंध दिन में ही कर दिया गया था। इस दौरान राज्यभर में रामलला के स्वागत के लिए शोभायात्राएं और पदयात्राएं सोमवार को भी जारी रहीं।
अमृतसर के वाल्मीकि तीर्थ, दुर्ग्याणा मंदिर और शिवाला बाग भाइयां सहित सभी मंदिरों में एलसीडी स्क्रीनों पर श्रद्धालुओं को अयोध्या से लाइव प्रसारण देखने का अवसर मिला। जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर सहित सभी मंदिरों, लुधियाना के 500 से अधिक मंदिरों में लाइव प्रसारण देखने की व्यवस्था के साथ-साथ लंगर और रात के समय दीपमाला का प्रबंध किया गया।