चंडीगढ़। वार्ड-23 से आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता के खिलाफ सेक्टर-35 स्थित एक निजी होटल के मैनेजर ने चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत दी है। इसमें पार्षद पर होटल में घुसकर हंगामा करने और स्टाफ से बदसलूकी व धमकी देने का आरोप लगाया है। उधर, प्रेमलता का कहना है कि होटल के एग्जॉस्ट और कुत्तों से पड़ोस के लोग बहुत दुखी हैं। लोगों के कहने पर ही वह होटल स्टाफ से बात करने गईं थीं।पुलिस को दी शिकायत में कहा गया है कि पार्षद प्रेमलता 30 मई की शाम करीब साढ़े 7 बजे उनके होटल में घुसीं और हंगामा किया, स्टाफ से बदसलूकी की और धमकी दी कि वह उनका कारोबार बंद करवा देंगी। होटल मालिक गुरमेहर सिंह रेखी ने कहा कि वह डॉग लवर हैं, कभी-कभी डॉग को होटल में ले आते हैं लेकिन मुद्दा डॉग्स का नहीं था, पार्षद ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए उनके होटल में हंगामा किया। बुधवार को होटल की तरफ से एसएसपी को मामले की शिकायत दी गई।
होटल की वजह से बुजुर्ग हैं परेशान : पार्षद
पार्षद प्रेमलता ने कहा कि होटल की छत पर एक बड़ा एग्जॉस्ट फैन लगा हुआ है, जो रात के समय में बहुत तेज आवाज करता है। होटल में कुत्ते भी बंधे रहते हैं, जिनकी वजह से आसपास के बुजुर्ग लोग पिछले करीब दो साल से परेशान हैं। लोग डीसी, एसएसपी, एसडीएम आदि को शिकायत दे चुके हैं। बीते दिनों कुछ लोग उनके घर पहुंचे और होटल मालिक को समझाने के लिए कहा। इसके बाद वह होटल गईं थीं। उन्होंने आग्रह किया कि किसी तरह एग्जॉस्ट फैन की आवाज को कम किया जाए और कुत्तों को भी हटाया जाए, लेकिन होटल का स्टाफ उनसे ही बदतमीजी करने लगा, जिसके बाद मौके पर पुलिस भी बुलाई गई थी। एसडीएम ने भी मौके पर आकर यह सब कुछ देखा है।