हरियाणा में नए सिरे से संगठन खड़ा करने के बाद आम आदमी पार्टी बांगर की धरती जींद से अपने 2024 के चुनावों को लेकर चलाए जाने वाले अभियान का आगाज करेगी। तिरंगा यात्रा के नाम से इस कार्यक्रम में आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इसमें शिरकत करेंगे। आप ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी हुई है।
बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने चंडीगढ़ के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में आमजन को तिरंगा यात्रा का न्योता दिया। इस मौके पर सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा, प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर और प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा मौजूद रहे।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि जींद में जयंती देवी के मंदिर को जीत का मंदिर माना जाता है। पांडवों ने भी वहां पर पूजा की और भगवान परशुराम ने भी वहां तप किया। जींद में पांडु पिंडारा है जहां पिंडदान किया जाता है। अब आम आदमी पार्टी प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार, अपराध और नशे का पिंडदान करेगी।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में एमएसपी की मांग कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज कर क्रूरता का परिचय दिया है। भाजपा-जजपा गठबंधन पर डॉ गुप्ता ने कहा कि ये गठबंधन नहीं ये ठगबंधन है। अनुराग ढांडा ने दावा दिया कि आम आदमी पार्टी तिरंगा यात्रा के बाद मुख्यमंत्री के पूर्व प्रधान ओएसडी नीरज दफ्तुआर को लेकर और बड़े खुलासे करेगी। इस मौके पर प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा, प्रदेश ज्वाइंट सेक्रेटरी योगेश्वर शर्मा, पंचकूला जिला अध्यक्ष रंजीत उप्पल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र राठी, ओबीसी प्रदेश अध्यक्ष धीरज यादव, यूथ विंग प्रदेश उपाध्यक्ष करणवीर लॉट, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियदर्शिनी सिंह, जिला अध्यक्ष यूथ आर्य सिंह, जिला उपप्रधान मनवीर राणा मुख्य रूप से मौजूद रहे।