फैजाबाद की अदालत में जज के सामने केस की बहस के दौरान रविंदर कौर के एडवोकेट ने कहा कि जगजीत सिंह जिंदा है और वह जालंधर में किसी स्थान पर है। इसके बाद यूपी की अदालत ने जालंधर देहात के एसएसपी नवजोत सिंह माहल को रविंदर कौर के पति को ढूंढने का आदेश दिया था। एसएसपी माहल ने थाना लांबड़ा के प्रभारी पुष्पबाली को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। थाना प्रभारी पुष्पबाली ने गांव सिंघा मोड़ पर हरनेक ढाबा से जगजीत को पकड़ लिया। वह अपने बाल कटवा कर वहां काम कर रहा था। रात भी वहीं गुजारता था।
पुलिस के अनुसार पहले तो वह खुद के जगजीत सिंह होने से इनकार करता रहा लेकिन जब इंस्पेक्टर पुष्प बाली ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने माना कि वह जगजीत सिंह ही है। पुलिस जगजीत सिंह को थाने ले आई, जहां पर उसकी पत्नी रविंदर कौर ने उसकी पहचान कर ली।
जालंधर के एसएसपी माहल ने इसकी जानकारी यूपी की अदालत को दी। वीरवार शाम को यूपी अदालत की तरफ से ई-मेल स्थानीय एसएसपी माहल को आया कि वह पुलिस कस्टडी में ही जगजीत सिंह व रविंदर कौर को फैजाबाद अदालत में पेश करें, इसका पूरा खर्च अदालत वहन करेगी। जिसके बाद एक टीम फैजाबाद रवाना कर दी गई है।