प्रशासन ने जिन यात्रियों से संपर्क साधा है, उन्हें कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं और लक्षण दिखने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9779558282 व 0172-2752038 पर संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि प्रशासन ने कुछ दिन पहले केंद्र से उन यात्रियों की सूची मांगी थी, जिन्होंने बीते दिनों यूके से चंडीगढ़ की यात्रा की है।
गुरुवार को यह सूची चंडीगढ़ प्रशासन को मिली है। इसके बाद यात्रियों तक पहुंचने की दौड़ भाग शुरू हो गई हैं। बुधवार को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने भी कोरोना वायरस के नए रूप को लेकर चिंता जताई थी और शहरवासियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे।
मोहाली में भी विदेश से आने वाले यात्रियों की तलाश शुरू
कोरोना के नए रूप से स्वास्थ्य महकमा और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिसके चलते अब 25 नवंबर से लेकर अब तक विदेश से लौटे लोगों की पहचान कर उनके स्वास्थ्य की जांच करवाई जाएगी। उधर, जिला प्रशासन ने दावा किया है कि मोहाली में वायरस के नए रूप से निपटने के लिए प्रशासन ने जरूरी तैयारियां भी मुक्कमल कर ली है।
उधर, केंद्र सरकार के आदेशानुसार मोहाली स्थित चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी अलर्ट जारी कर इससे संबंधित गाइडलाइन जारी करने के आदेश दिए जा चुके हैं। अब 25 नवंबर से अभी तक मोहाली अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने वाले सभी अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों की तलाश शुरू कर दी गई है। इनके स्वास्थ्य की जांच के बाद जरूरत अनुसार उन्हें क्वारंटीन किया जाएगा। जिसकी व्यवस्था पहले से ही ज्ञान सागर अस्पताल में की गई है।
मोहाली की एडीसी आशिका जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में वायरस के इस नए रूप से निपटने की पूरी तैयारी कर ली गई है। 25 नवंबर से अब तक यहां आने वाले अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों की पहचान कर उनकी जांच करने के लिए टीमें तैयार कर दी गई हैं। इन टीमों के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।