भाकियू के उप प्रधान गुलाब सिंह ने बताया कि सरकार जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती है तब तक उनका प्रदर्शन इसी प्रकार जारी रहेगा। इससे पहले भी 12 दिसंबर को एक दिन के लिए टोल फ्री किया गया था। जिसे अब बढ़ाकर तीन दिनों का कर दिया है। अगर सरकार आगे भी हम किसानों की मांगों को नहीं मानती है तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा।
पानीपत में रात से ही टोल पर पुलिस सुरक्षा को बढ़ाया गया है। वहीं अभी तक टोल बंद करने को लेकर रात तक टोल मैनेजर को कोई निर्देश नहीं दिए गए है। किसानों ने अपनी मांग पूरी ना होने को लेकर यह तीसरी बार टोल बंद करने का एलान किया है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा-राजस्थान की सीमा पर बैठे किसान आज करेंगे दिल्ली कूच, जयपुर हाईवे पर सुरक्षा बढ़ी, जगह-जगह नाकाबंदी
किसान आंदोलन के चलते जिले में धारा-144 लागू
25 दिसंबर से 27 दिसंबर तक किसानों द्वारा टोल फ्री किए जाने के मद्देनजर यमुनानगर के डीसी ने जिले में धारा 144 लागू की है। डीसी ने कानून व्यवस्था के लिए इसे आवश्यक बताया है। डीसी मुकुल कुमार के अनुसार कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान शरारती और असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाकर शांति व कानून व्यवस्था को बिगाड़ने व सरकारी, गैर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को शांति व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है।